
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। टोल प्लाजा लाचोवाल वर्कर यूनियन की तरफ से मुलाजिम नेता कुलवंत सिंह सैनी की अगुवाई में कंपनी द्वारा की जा रही धक्केशाही के विरोध में एक मांगपत्र जिलाधीश को सौंपा गया। इस संबंधी जानकारी देते हुए यूनियन सदस्यों ने बताया कि कंपनी द्वारा 2007 से 2012 तक उनसे 12 घंटे तक ड्यूटी ली गई। अब जबकि कंपनी से अपना 4 घंटे का बनता बकाया मांगा तो कंपनी द्वारा वर्करों को निकालना शुरु कर दिया गया है। इस संबंधी लेबर कमिशनर को बार-बार सूचित किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।

वर्करों ने बताया कि यहां तक कि दीपावली का बोनस भी अभी तक नहीं दिया गया तथा न ही 2007 से 2017 तक प्रोवीडैंट फंड काटा गया। लेबर कानून के हिसाब से आजतक उनकी बनती छुट्टी भी नहीं दी गई व कंपनी द्वारा कोई भी लेबर कानून नहीं माना गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा लेबर विभाग के साथ मिलीभगत करते नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने जिलाधीश से मांग की कि कंपनी की धक्केशाही को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं तथा उनका बनता हक दिलाया जाए। इस मौके पर कुलविंदर सिंह, रोशन लाल, सुखराज सिंह, हरदीप सिंह, कुलविंदर सिंह, हरजिंदर सिंह, तिलक राज आदि मौजूद थे।











