
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। 25 जुलाई से शुरु होने वाले माता चिंतपूर्णी मेले में लंगर के दौरान सुचारु प्रशासनिक व पुलिस संबंधी डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों व लंगर कमेटियों के प्रमुखों के साथ जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में बैठक की। उन्होंने कहा कि माता चिंतपूर्णी मेले में लंगर लगाने के दौरान सफाई व्यवस्था बरकरार रखनी यकीनी बनाई जाए, ताकि वातावरण दूषित न हो सके। उन्होंने कहा कि मेले को सुचारु रुप से चलाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

डिप्टी कमिश्नर ने बैठक के दौरान लंगर कमेटियों के साथ चर्चा व सहमति के बाद कहा कि मेले के दौरान जन हित में डी.जे. व सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने लंगर कमेटियों से अपील करते हुए कहा कि निर्विघ्न यातायात के लिए लंगर कमेटियों की ओर से सड़त पर आकर लंगर न वितरित किया जाए व निर्धारित स्थान पर ही लंगर लगाए जाएं। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि माता चिंतपूर्णी मेले को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध यकीनी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लंगर लगाने के लिए रजिस्ट्रेशन जरुरी है, इस लिए लंगर कमेटियों की ओर से यह रजिस्ट्रेशन एस.डी.एम. कार्यालय होशियारपुर से करवाई जा सकती है।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैने कहा कि श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे भार ढोने वाले वाहनों को न प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि इस तरह के वाहनों से हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने इस संबंधी आर.टी.ओ होशियारपुर को चैकिंग यकीनी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जी.एम. रोडवेज को हिदायत की कि वे यकीनी बनाएं कि बसों की छतों पर श्रद्धालु न बैठे और बसे ओवरलोड न हो। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिला पुलिस की ओर से सहयोग किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम व पब्लिक हैल्थ को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल शौचालय आदि का प्रबंध करने के लिए व स्वास्थ्य विभाग को फूड सैंपल व एंबुलेंस, मैडिकल टीमों के अलावा अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए कहा।
आशिका जैन ने नगर निगम को सफाई व्यवस्था, फायर ब्रिगेड संबंधी व्यवस्था करने, पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड को डी.जे व सिंगल यूज प्लास्टिक संबंधी चैकिंग करने, जिला पुलिस को ट्रैफिक कंट्रोल, रिकवरी वैन व मेले संबंधी पुलिस टीमों की अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी संबंधी निर्देश दिए। इसके अलावा नगर निगम, नेशनल हाइवे, लोक निर्माण विभाग, मंडी बोर्ड को उसके अंतर्गत आती सड़कों के पैच वर्क यकीनी बनाने की हिदायत भी की। उन्होंने लंगर कमेटियों को सफाई व्यवस्था बरकरार रखने की अपील करते हुए कहा कि भारत सरकार व पंजाब सरकार की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक बैन किया गया है, इस लिए लंगर के दौरान प्लास्टिक का प्रयोग न किया जाए। उन्होंने कहा कि लंगर कमेटियों व श्रद्धालुओं के सहयोग से मेले को सुचारु रुप से चलाने में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर भुल्लर, कमिश्नर नगर निगम ज्योति बाला मट्टू, सहायक कमिश्नर ओएशी मंडल, एस.डी.एम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, एस.पी नवनीत कौर बल, आऱ.टी.ओ अमनदीप कौर घुम्मण के अलावा श्री शिवरात्रि एवं उत्सव कमेटी से हरीश खोसला, भारतीय सनातन धर्म महावीर दल कृष्ण गोपाल आनंद व भारत भूषण वर्मा, मईया जी असीं नौकर तेरे अश्वनी शर्मा, मंदीप शर्मा, प्रमोद शर्मा, स्वच्छता का लंगर सेवा सोसायटी के प्रतिनिधि व अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।












