
जम्मू (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले पुराने मार्ग पर भूस्खलन हुआ। इस हादसे में पांच तीर्थयात्री सहित 10 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि कटरा शहर में हुई तेज बारिश से भूस्खलन हुआ, जिसकी वजह से एक ‘बुकिंग’ कार्यालय और उसके ऊपर बना लोहे का ढांचा ढह गया। एहतियात के तौर पर मंदिर की यात्रा दोपहर एक बजे तक स्थगित कर दी गई है।

यह घटना सुबह लगभग साढ़े आठ बजे बाणगंगा के पास गुलशन का लंगर में हुई। यह यात्रा का प्रारंभिक बिंदु है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी और जम्मू के जिलाधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने संवाददाताओं को बताया, “भूस्खलन के कारण तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और सात अन्य को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को बचा लिया गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।”












