
अमृतसर (द स्टैलर न्यूज़)। अब बाढ़ में फंसे सभी पीड़ित परिवार और किसान लोगों से यह प्रार्थना कर रहे हैं कि अब राशन भेजना बंद करें और बाढ़ रुकने के बाद घर बनाने के लिए जो सामान चाहिए उसका प्रबंध करें। मेरा बाढ़ग्रस्त सभी राज्यों के सांसदों से यह निवेदन है कि वे अपने अपने क्षेत्र की कमान संभालें। जिन क्षेत्रों में अधिक तबाही नहीं हुई वह दूसरों की मदद करें। आर्थिक साधन चाहे भारत सरकार से लाएं, पंजाब से इकट्ठा करें या दूसरे प्रांतों से मांग कर लाएं यह हम सबका धर्म है कि जिनके मकान टूट गए, सामान नष्ट हो गया, उन परिवारों के परिजन मौत के मुंह में भी चले गए उनके साथ आसरा बनकर खड़े रहें।

हर एक आदमी मकान बनाकर नहीं दे सकता, लेकिन अगर सांसद ऐसा कोई आयोजन करेंगे तो सारा पंजाब यथाशक्ति उनके इस आयोजन में सहयोग देगा। कार सेवा भी करेगा और जो जिस योग्य है वो कपड़ा, बर्तन, बिजली का सामान, चारपाइयां, रजाई, गैस के चूल्हे आदि जो जितना दे सकता है वह देगा। जरूरत यह है कि सांसद अपने क्षेत्रों में टिकें और पूरी ईमानदारी से सभी वर्करों को लगाकर पुनर्वास का काम करें। अगर इस काम में पार्टीबाजी की गई तो यह पाप हो जाएगा। हमारी पंजाब समेत सभी प्रांतों की जो जरूरत है कि जो उजड़ गए हैं उनको पूरी तरह बसाया जाए।












