
कांगड़ा (द स्टैलर न्यूज़)। उपमंडल नूरपुर के तहत भड़वार स्थित नागनी माता मंदिर परिसर में आग लगने के कारण 8 दुकानें जलकर राख हो गईं। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। देर रात हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर से सटी दुकानों में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग इतनी भयंकर हो चुकी थी कि दमकल दल के पहुंचने से पहले ही दुकानों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
दुकानदारों ने इस घटना के पीछे शरारती तत्वों की साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि रात के समय सभी दुकानें बंद थीं और बिजली सप्लाई भी सामान्य थी। ऐसे में अचानक आग लगना संदेहास्पद है। दुकानदारों की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रभावित दुकानदार ने अग्निकांड से नुकसान की भरपाई के मुआवजे की मांग की है।












