
जम्मू (द स्टैलर न्यूज़)। किश्तवाड़ पाडर मार्ग पर बन रहे क्वाड पावर परियोजना में टनल के अंदर जा रहे डंपर में अचानक आग लग गई। इसके कारण टनल में मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों में अफरा–तफरी मच गई। आग लगने के बाद टनल के भीतर घना धुआं भर गया। बचाव अभियान चलाकर 39 मजदूरों और कर्मियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पहले पानी डालकर बुझाने का प्रयास किया गया। इसके बाद सूचना पर दमकल विभाग का वाहन पहुंचा और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया गया। पुलिस टीम ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों और मजदूरों के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती अनुमान है कि आग डंपर में तकनीकी खराबी की वजह से लगी होगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। घटना की विस्तृत रिपोर्ट दमकल और पुलिस विभाग जल्द जारी करेंगे।












