
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहे वीडियो के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप को मिशिगन में एक ऑटो प्लांट का दौरा करने गए थे। ट्रंप इस दौरान यहां एक वर्कर को अश्लील तरीके से जवाब देते हुए कैमरे में कैद हो गए। मिशिगन के डेट्रॉइट में फोर्ड F-150 फैक्ट्री के दौरे के दौरान, ट्रंप एक ऊंचे रास्ते पर फैक्ट्री फ्लोर को देखते हुए एक लंबा काला ओवरकोट पहने हुए दिखे। कुछ चिल्लाने के बाद, ट्रंप फैक्ट्री फ्लोर पर वर्कर की ओर इशारा करते दिखे, गुस्से से घूरते हुए और कुछ अपशब्द कहते हुए, फिर उन्होंने बीच की उंगली दिखाई।

वर्कर की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन व्हाइट हाउस के प्रवक्ता स्टीवन चेउंग ने बताया कि उसे वही मिला जिसका वो हकदार था। चेउंग ने कहा, “एक पागल आदमी गुस्से में जोर-जोर से गालियां दे रहा था, और राष्ट्रपति ने उचित और साफ जवाब दिया।” रिपोर्ट के अनुसार, वर्कर ने चिल्लाते हुए कहा था Pedophile Protector (बाल यौन शोषक के रक्षक)। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह टिप्पणी जेफरी एपस्टीन मामले से जुड़ी थी। अमेरिका में ट्रंप और एपस्टीन फाइलों के लेकर विवाद चल रहा है।












