
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रास वोटिंग करने के आरोपों को झेल रहे पांच विधायकों को कांग्रेस ने निलंबित कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने यह जानकारी दी। कांग्रेस ने यह कार्रवाई करके पहली बार अनुशासन का संकेत दिया है। पांचों विधायकों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया गया है। राव नरेंद्र ने बताया कि नारायणगढ़ से शैली चौधरी, सढौरा से रेणु बाला, रतिया से जरनैल सिंह, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास तथा हथीन से मोहम्मद इजऱाइल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निलंबित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई प्रदेश अनुशासन समिति की सिफारिश तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति के बाद की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 16 मार्च को राज्यसभा के चुनाव के दौरान इन विधायकों ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध मतदान कर गंभीर अनुशासनहीनता का परिचय दिया, जो संगठनात्मक मर्यादाओं के प्रतिकूल है। इसके बाद सभी विधायकों को 20 मार्च को नोटिस जारी किए गए। विधायक शैली चौधरी, रेणु बाला तथा जरनैल सिंह ने नोटिस का जवाब दिया, जबकि मोहम्मद इलियास तथा मोहम्मद इजराइल ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। तीन अप्रैल को पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक की अध्यक्षता वाली कमेटी ने अपनी सिफारिशें हाईकमान को भेजी थी। एके एंटनी की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय अनुशासन समिति ने को कार्रवाई के आदेश जारी किए। निलंबन के बाद विधायक शैली चौधरी ने कहा कि उन्हें इस मामले में कोई चिट्ठी पार्टी की ओर से प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वह अभी अपने परिवार के साथ बाहर हैं। विधायक रेणु बाला ने कोई टिप्पणी नहीं की। जरनैल सिंह ने कहा कि जब उन्हें पत्र मिलेगा तब जवाब दिया जाएगा।












