
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर के थाना सदर चौक पर तेज रफ्तार थार ने कहर बरपाया। उसने सिग्नल तोड़ते हुए एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल सवार नगर निगम के एक्सीयन कुलदीप सिंह का बेटा सरवप्रीत गंभीर रुप से घायल हो गया। जानकारी देते हुए एक्सीयन कुलदीप सिंह ने बताया कि उनका बेटा सरवप्रीत सिंह 18 अप्रैल को रात करीब 9 बजे माल रोड की तरफ से अपने घर लक्ष्मी एनक्लेव की तरफ आ रहा था।

इसी दौरान जब वह थाना सदर चौक के पास पहुंचा तो एक थार गाड़ी (PB 11 6711 जोकि पटियाला नंबर की थी), ने सिग्नल तोड़ते हुए सरवप्रीत के मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। जिस कारण सरवप्रीत की नाक व हाथ की हड्डी टूट गई और सिर पर गंभीर चोट लग गई। उन्होंने बताया कि उन्हें जब इसका पता चला तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि थार चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।
एक्सीयन कुलदीप सिंह ने बताया कि पहले तो उन्हें कुछ भी सूझ नहीं रहा था तथा बेटे के थोड़ा स्टेबल होने पर उन्होंने इस सबंधी पुलिस को शिकायत देकर कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने मांग की कि थार चालक के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए।












