
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के जींद में रोहतक की सीमा के पास बाइक सवार दो युवकों पर गोलियां चला दी। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है। मृतक पर हत्या, फिरौती, अपहरण, आर्म्स एक्ट के 12 केस दर्ज थे। हमलावर दो बाइकों पर सवार होकर आए थे और आते ही 15 से ज्यादा राउंड फायर किए। मामला गैंगवार से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतक की पहचान जींद के राजपुरा भैण निवासी ऋषि लोहान के रूप में हुई, जबकि घायल युवक गांव का ही मनीष बताया जा रहा है। राजपुरा भैण निवासी ऋषि और मनीष रात को 9 बजे के करीब जींद से रोहतक की तरफ जा रहे थे। जुलाना से आगे निकल कर पौली के पास पेट्रोल पंप से आगे पीछे से दो बाइकों चार युवक आए और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी।

इनमें गोलियां लगते ही पीछे बैठा ऋषि नीचे गिरा और मनीष बाइक भगा ले जाने लगा, लेकिन मनीष को भी आरोपियों ने गोली मारी। इसके बाद आरोपी रोहतक की तरफ फरार हो गए। जुलाना थाना प्रभारी रवींद्र ने बताया कि रात के समय पुलिस को सूचना मिली थी। पौली गांव के पास बॉर्डर पर एक सड़क हादसा हुआ है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचने पर पता कि यह सड़क हादसा नहीं बल्कि गोली मारी गई है। उन्होंने बताया कि ऋषि के ऊपर हांसी पुलिस द्वारा इनाम भी जारी किया गया है। गोली मारने वालों का अभी तक कोई सुराग पुलिस को नहीं लगा है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तालाश की जारी है।












