Friday, October 23, 2026
Home National कुरुक्षेत्र में जज की कोठी में कुक का शव चारपाई पर मुंह...

कुरुक्षेत्र में जज की कोठी में कुक का शव चारपाई पर मुंह के बल पड़ा मिला

हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। कुरुक्षेत्र शहर की डीसी कॉलोनी में स्थित जज की कोठी में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले युवक के शव का आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Advertisements

मृतक की पहचान 23 वर्षीय हरीश भट्ट के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। उसका परिवार वर्तमान में सिरसा के बरनाला रोड क्षेत्र में रह रहा है। हरीश कुरुक्षेत्र में जज की कोठी पर कुकिंग का कार्य करता था और वहीं बने कमरे में रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार रात वह रोजाना की तरह काम खत्म करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। गुरुवार सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आया। साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद मामले की सूचना सिटी थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। दरवाजा खोलने पर हरीश का शव चारपाई पर मुंह के बल पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरीश को मिर्गी की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि रात के समय उसे दौरा पड़ा हो। वहीं पुलिस हार्ट अटैक की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here