
श्रीनगर (द स्टैलर न्यूज़)। रियासी जिले के सेरी भांगल गांव के एनएसजी जवान बविंदर सिंह ने माउंट एवरेस्ट फतह कर तिरंगा फहराया और जिले के पहले एवरेस्ट विजेता बनकर इतिहास रच दिया। श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सेरी भांगल (वार्ड नंबर-4, पंचायत आघार जित्तो) के रहना वाला जांबाज ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही रियासी जिले के ऐसे पहले व्यक्ति बन गए हैं, जिन्होंने एवरेस्ट पर कदम रखा है। परमोद सिंह के पुत्र बविंदर सिंह बचपन से ही बेहद साहसी रहे हैं।

उनकी इस बड़ी सफलता की खबर मिलते ही उनके गांव सहित पूरे रियासी जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों और युवाओं ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है। एनएसजी की इस जाँबाज टीम ने एवरेस्ट की 8,848 मीटर की ऊँचाई, बेहद खराब मौसम और बर्फीली हवाओं जैसी कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए इस अभियान को अंजाम दिया।











