
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी को दहलाने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। स्पेशल सेल ने एक विशेष अभियान के तहत नौ ऐसे संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड के नेटवर्क के इशारे पर काम कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए इन संदिग्धों के पास से पुलिस ने बड़ी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, ये संदिग्ध लंबे समय से दिल्ली के प्रमुख ठिकानों की रेकी कर रहे थे और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की फिराक में थे। जांच में यह भी सामने आया है कि इन लोगों को सीमा पार से निर्देश मिल रहे थे और वे स्थानीय स्तर पर आतंक फैलाने के लिए एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा थे।

सुरक्षा एजेंसियों को मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने जाल बिछाया और इन नौ लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए संदिग्धों से की जा रही पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके निशाने पर कौन-कौन से वीवीआईपी इलाके या सरकारी भवन थे और दिल्ली में ये और कितने लोगों के संपर्क में थे। फिलहाल पुलिल द्वारा मामले की जांच जारी है।












