Monday, October 26, 2026
Home Education जिले के सरकारी स्कूलों में मेगा पीटीएम का आयोजन, 52 हजार अभिभावकों...

जिले के सरकारी स्कूलों में मेगा पीटीएम का आयोजन, 52 हजार अभिभावकों ने की भागीदारी

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिले के सरकारी स्कूलों में शनिवार को आयोजित मेगा पीटीएम (पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग) शिक्षा, संवाद और विश्वास का बड़ा मंच बनकर सामने आई। जिले के सरकारी प्राथमिक, मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में करीब 52 हजार अभिभावकों ने भाग लेकर सरकारी स्कूलों के प्रति अपना भरोसा जताया।

Advertisements

मेगा पीटीएम के दौरान अभिभावकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, स्कूलों की उपलब्धियों और सरकारी शिक्षा व्यवस्था में हो रहे सकारात्मक बदलावों से अवगत करवाया गया। अध्यापकों ने बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और प्रदर्शन को लेकर अभिभावकों से विस्तार से चर्चा की, वहीं अभिभावकों ने भी अपने सुझाव साझा किए।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंट्री शिक्षा) होशियारपुर हरजिंदर कौर ने जिले के कई सरकारी स्कूलों का दौरा कर मेगा पीटीएम गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों, अध्यापकों और अभिभावकों से सीधे संवाद करते हुए स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, मिड-डे मील और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की।

सरकारी एलीमेंट्री स्कूल में दौरे के दौरान डीईओ हरजिंदर कौर विद्यार्थियों और अध्यापकों के साथ जमीन पर बैठकर मिड-डे मील ग्रहण करती नजर आईं। उन्होंने बच्चों के साथ भोजन कर मिड-डे मील की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया तथा विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

मेगा पीटीएम के दौरान नीति आयोग की रैंकिंग में पंजाब को स्कूल शिक्षा क्षेत्र में देशभर में नंबर-1 स्थान मिलने की खुशी भी स्कूलों में मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां मेधावी विद्यार्थियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों तथा शिक्षकों को सर्टिफिकेट और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। डीईओ हरजिंदर कौर ने कहा कि मेगा पीटीएम का उद्देश्य अभिभावकों को स्कूलों से जोड़ना और शिक्षा प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाना है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षा विभाग के अनुसार जिले के सभी सरकारी स्कूलों में मेगा पीटीएम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिससे अभिभावकों और स्कूलों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में मदद मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here