Monday, October 12, 2026
Home Himachal नेपाल में हमीरपुर के प्रतीक बंसल का परचम, अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में...

नेपाल में हमीरपुर के प्रतीक बंसल का परचम, अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जीता कांस्य

बड़सर/हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। जिला हमीरपुर के बड़सर उपमंडल की ग्राम पंचायत जमली के युवा खिलाड़ी प्रतीक बंसल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश और हमीरपुर जिले का नाम रोशन किया है। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित 17वीं एनएसकेए (NSKA) इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में प्रतीक ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

Advertisements

ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले प्रतीक की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता को बड़सर ही नहीं, बल्कि पूरे हमीरपुर जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। खेल प्रेमियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया है।

प्रतीक बंसल ग्राम पंचायत जमली के निवासी हैं। उनके पिता पवन कुमार शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हुए हैं, जबकि उनकी माता स्वास्थ्य विभाग में वार्ड सिस्टर के पद पर सेवाएं दे रही हैं। परिवार ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रतीक की वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास को दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतकर प्रतीक ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो सफलता की कोई सीमा नहीं होती। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी।

क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों और खेल प्रेमियों ने प्रतीक बंसल तथा उनके परिवार को इस शानदार सफलता पर बधाई दी है। सभी ने उम्मीद जताई है कि प्रतीक भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर हिमाचल प्रदेश तथा देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here