Thursday, October 8, 2026
Home Crime खुद को मर्चेंट नेवी का अफसर बताकर महिला से 27 लाख की ठगी, एयरपोर्ट से...

खुद को मर्चेंट नेवी का अफसर बताकर महिला से 27 लाख की ठगी, एयरपोर्ट से गिरफ्तार

इंदौर (द स्टैलर न्यूज़)। इंदौर में पुलिस ने वैवाहिक वेबसाइट पर खुद को मर्चेंट नेवी का अफसर बताकर एक महिला से 27 लाख रुपये की ठगी के बाद रूस भागने की कोशिश कर रहे 29 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (अपराध निरोधक शाखा) राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दिल्ली से गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र कुमार छोनकर उर्फ जीतू (29) के रूप में हुई है।  उन्होंने बताया कि छोनकर उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र का निवासी है।

Advertisements

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी 27 जून को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रूस जाने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बताया, हवाई अड्डे पर आप्रवासन जांच के दौरान छोनकर के खिलाफ दर्ज शिकायत की जानकारी सामने आने पर अधिकारियों ने उसे रोक लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी ने एक वैवाहिक वेबसाइट पर इंदौर की एक महिला से संपर्क किया था और खुद को मर्चेंट नेवी अफसर बताया था। उन्होंने कहा कि छोनकर ने महिला को कथित तौर पर शादी का झांसा दिया और अलग-अलग बहानों से उससे 26.86 लाख रुपये ठग लिए।

पुलिस उपायुक्त के मुताबिक आरोपी ने एक बार खुद को ब्लड कैंसर से पीड़ित बताकर इलाज के नाम पर भी महिला से धनराशि ली।  उन्होंने बताया, हमें जांच में यह भी पता चला कि छोनकर रूस की राजधानी मॉस्को में निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के सुपरवाइजर के रूप में काम कर चुका है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here