
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के मेरठ रोड पर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सतीश गुप्ता की श्री राम एग्रो फैक्ट्री में को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही पलों में इसने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आसमान में कई किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार साफ दिखाई दिया। आग की सूचना के बाद करनाल विधायक जगमोहन आनंद और डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। फैक्ट्री परिसर से अचानक आग की लपटें उठती देख वहां काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती दौर में कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लपटें बेकाबू होती चली गईं।

स्थिति बिगड़ती देख तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। सब इंस्पेक्टर तरसेम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोर्चा संभाल लिया था और दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने के प्रयास युद्धस्तर पर शुरू कर दिए गए। फैक्ट्री में आग किन कारणों से लगी, इसका आधिकारिक तौर पर अभी खुलासा नहीं हो पाया है। शुरुआती अंदेशा शॉर्ट सर्किट का जताया जा रहा है। हालांकि पुलिस और तकनीकी टीमें अन्य संभावित वजहों की भी बारीकी से जांच कर रही हैं।












