
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 35 के तहत 23 लोगों को व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया है। गृह मंत्रालय ने जारी अधिसूचना में बताया कि ये सभी लोग भारत विरोधी आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहे हैं और इनका संबंध पाकिस्तान तथा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में सक्रिय आतंकी संगठनों से है। इस कार्रवाई के बाद UAPA की चौथी अनुसूची के तहत घोषित व्यक्तिगत आतंकवादियों की कुल संख्या बढ़कर 80 हो गई है। गृह मंत्रालय के अनुसार, घोषित किए गए 23 लोगों का संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM), लश्कर-ए-तैयबा (LeT), द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) और जमात-उद-दावा (JuD) से है। इनमें 10 लोग जैश-ए-मोहम्मद और 13 लोग लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बताए गए हैं। कुछ आरोपियों के TRF और JuD से भी संबंध सामने आए हैं। घोषित किए गए 23 आतंकवादियों में 11 लोग मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं, जबकि बाकी 12 पाकिस्तानी नागरिक हैं।

इन 11 लोगों में से 7 वर्तमान में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में रह रहे हैं, जबकि 4 लोग पाकिस्तान के अलग-अलग शहरों में रह रहे हैं। गृह मंत्रालय के अनुसार, PoK में रह रहे सात लोगों में मसूद इलियास कश्मीरी (रावलकोट), मुफ़्ती मुहम्मद असग़र खान (अब्बासपुर), हाफ़िज़ अब्दुल शकूर (कोटली), अब्दुल्ला जिहादी (कुंडलशाही, नीलम), गुलाम फ़रीद (बडिंग, बिंबर), बिलाल अहमद मीर (मूल निवासी सोपोर, वर्तमान में मुज़फ़्फ़राबाद) और आबिद क़य्यूम लोन (मूल निवासी बारामूला, वर्तमान में PoK) शामिल हैं। पाकिस्तान में रह रहे चार भारतीय मूल के लोगों में हारून रशीद गनई (अनंतनाग), नज़ीर अहमद गुज्जर (डोडा), ओवैस फ़रोज़ मीर (पुलवामा) और मोहम्मद शहीद फैसल शामिल हैं। गृह मंत्रालय के मुताबिक, मोहम्मद शहीद फैसल का भारतीय पता बेंगलुरु का है, लेकिन वह फिलहाल रावलपिंडी (पाकिस्तान) में रह रहा है। सरकार के अनुसार, सभी घोषित आतंकवादी कई गंभीर गतिविधियों में शामिल रहे हैं। इनमें आतंकियों की भर्ती करना, प्रशिक्षण देना, जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कराना, आतंकी हमलों की साजिश रचना, ड्रोन और सीमा पार नेटवर्क के जरिए हथियार तथा गोला-बारूद पहुंचाना, टेरर फंडिंग करना, लॉजिस्टिक सहायता देना और आतंकी शिविरों का संचालन करना शामिल है।












