
हिमाचल (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल के बद्दी के काठा स्थित कैजन फार्मास्यूटिकल्स के चौथी मंजिल पर आग लगने से उद्योग परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग के दौरान चौथी मंजिल पर काम कर रहे दो कर्मचारी झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सेक्टर-32, चंडीगढ़ रेफर किया गया। घायलों की पहचान 38 वर्षीय अभिषेक निवासी गांव लोहारड़ा, जिला हमीरपुर और 47 वर्षीय सुमित निवासी गांव कलेरा, जिला कांगड़ा के रुप में हुई है। मामले में पुलिस थाना बद्दी में उद्योग के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार शाम लगभग चार से पांच बजे के बीच हुई, जब उद्योग में दवा उत्पादन चल रहा था। ऊपर की मंजिल से अचानक धुआं उठते ही कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हालांकि चौथी मंजिल पर दो कर्मचारी आग से झुलस गए। फार्मास्यूटिकल यूनिट होने के कारण परिसर में विभिन्न रसायन होने से आग फैलने का खतरा बना हुआ था। आसपास कई अन्य औद्योगिक इकाइयाँ भी होने के कारण प्रशासन और दमकल विभाग ने राहत व बचाव कार्य में तत्परता दिखाई। फायर विभाग की नौ गाड़ियों और स्थानीय फायर स्टेशनों की चार, नालागढ़ की दो, वर्धमान की दो व बिरला उद्योग से एक गाड़ी घटनास्थल पर भेजी गईं। घटना को लेकर फायर अधिकारी नालागढ़ के जयपाल ठाकुर ने बताया कि आग को देर रात तक बुझाया जा सकेगा। चौथी मंजिल की आग दूसरी मंजिल तक फैल चुकी थी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।












