Wednesday, October 28, 2026
Home Punjab वर्षा ऋतु में स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता ही सर्वोत्तम बचाव: डॉ. सुरिंदरपाल...

वर्षा ऋतु में स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता ही सर्वोत्तम बचाव: डॉ. सुरिंदरपाल सिंह

तलवाड़ा (द स्टैलर न्यूज़)। वर्षा ऋतु अपने साथ ठंडक और राहत लेकर आती है, लेकिन इसके साथ ही अनेक मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ब्यास बांध के मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता के निर्देशानुसार बीबीएमबी अस्पताल, तलवाड़ा के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरिंदरपाल सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस मौसम में थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।

Advertisements

उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान दूषित पानी और गंदगी के कारण डायरिया, टाइफाइड, पीलिया, वायरल बुखार, डेंगू तथा मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए लोगों को हमेशा उबला हुआ अथवा शुद्ध पेयजल ही पीना चाहिए, ताजा एवं स्वच्छ भोजन का सेवन करना चाहिए तथा खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए। घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देना चाहिए, ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके। यदि बुखार, उल्टी, दस्त अथवा शरीर में किसी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई दें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।

बीबीएमबी अस्पताल में कार्यरत बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव शर्मा ने कहा कि वर्षा ऋतु में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बच्चों को लंबे समय तक गीले कपड़ों में नहीं रहने देना चाहिए तथा वर्षा में भीगने के बाद तुरंत सूखे कपड़े पहनाने चाहिए। बच्चों को केवल ताजा, पौष्टिक एवं घर का बना भोजन ही दिया जाए। पीने के लिए स्वच्छ पानी का उपयोग किया जाए तथा हाथ धोने की आदत को नियमित रूप से अपनाया जाए। यदि बच्चे को तेज बुखार, सांस लेने में कठिनाई, दस्त अथवा लगातार उल्टियां हो रही हों, तो बिना विलंब अस्पताल से संपर्क किया जाए।

बीबीएमबी अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनाहित ने कहा कि नमी और गंदगी के कारण इस मौसम में आंखों के संक्रमण, विशेषकर कंजंक्टिवाइटिस (आंख आना), के मामलों में वृद्धि हो सकती है। उन्होंने सलाह दी कि आंखों को गंदे हाथों से न छुएं, अपना तौलिया एवं रूमाल अलग रखें तथा आंखों में लालिमा, खुजली, पानी आना अथवा दर्द होने की स्थिति में तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ से परामर्श लें। बिना चिकित्सकीय सलाह के आंखों में किसी भी प्रकार की दवा या ड्रॉप्स का प्रयोग न करें।

अंत में डॉ. सुरिंदरपाल सिंह ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान स्वच्छता, संतुलित आहार तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श ही अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर बीबीएमबी अस्पताल, तलवाड़ा से संपर्क कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह अवश्य लें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here