Saturday, October 3, 2026
Home National GTB अस्पताल में मरीज पर गिरा पंखा, 3 घंटे बाद हुई मौत

GTB अस्पताल में मरीज पर गिरा पंखा, 3 घंटे बाद हुई मौत

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली के शाहदरा स्थित गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल से एक बेहद चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान एक मरीज के ऊपर छत का पंखा गिर गया। हादसे में मरीज गंभीर रूप से घायल हो गया और करीब तीन घंटे बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और पीडब्ल्यूडी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया भी पेश की है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय मोहम्मद अकबर के रूप में हुई है। उन्हें 18 जुलाई को स्वास्थ्य समस्याओं के चलते जीटीबी अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था।

Advertisements

अस्पताल के वार्ड नंबर-27 में नर्सिंग स्टाफ उनका इलाज कर रहा था और उन्हें इंजेक्शन लगाया जा रहा था। इसी दौरान छत पर लगा भारी भरकम पंखा अचानक टूटकर सीधे मरीज के ऊपर आ गिरा। अस्पताल के कर्मचारियों और मौजूद लोगों ने घायल मरीज को तत्काल संभाला, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। बताया जा रहा है कि घटना के करीब तीन घंटे बाद मोहम्मद अकबर ने दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक पंखा गिरने से केवल मरीज ही नहीं बल्कि इलाज कर रहे नर्सिंग स्टाफ के कुछ सदस्य भी घायल हुए हैं। मृतक के परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि सरकारी अस्पतालों में लोग इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन यदि अस्पताल का बुनियादी ढांचा ही सुरक्षित नहीं होगा तो मरीजों की जान खतरे में पड़ जाएगी। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here