
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। फिलीपींस के दक्षिणी शहर जाम्बोआंगा में एक हाई स्कूल में गोलीबारी में दो छात्रों की मौत हो गई। मृतकों में गोली चलाने वाला छात्र भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, हमलावर नौवीं कक्षा में पढ़ता था और वह पिस्तौल व राइफल लेकर स्कूल परिसर में पहुंचा था। उसने कक्षा के अंदर छात्रों पर गोली चलाई। पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर ने अपने से एक कक्षा ऊपर पढ़ने वाले छात्र को गोली मारी। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली।

अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है। गोलीबारी जाम्बोआंगा स्थित निजी एटेनियो डी जाम्बोआंगा यूनिवर्सिटी से संबद्ध स्कूल में हुई। विश्वविद्यालय के अध्यक्ष अर्नाल्ड एंडाल ने पुष्टि की कि परिसर में अब कोई सक्रिय गोलीबारी नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।











