
हरिद्वार (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तराखंड के हरिद्वार के रुड़की शहर के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में 2 अलग-अलग स्थानों पर गोली चलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक युवक ने अपनी 2 बहनों और जीजा को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले प्रीत विहार में अपनी एक बहन को गोली मारी और फिर इसके बाद सुभाष नगर में दूसरी बहन और जीजा पर फायरिंग की। गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपित भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी भाई को वारदात के कुछ ही घंटों बाद दबोच लिया। बीती देर शाम 2 बहनों की हत्या की खबर से रुड़की में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।












