
आंध्र प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। सत्यवेदु मंडल के श्री सिटी इलाके में स्थित एक प्राइवेट फार्मास्युटिकल कंपनी में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके में 5 कर्मचारियों की मौत की सूचना है, जबकि 10 अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा TIL हेल्थकेयर फार्मास्युटिकल कंपनी में हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बचाव और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। अधिकारियों की ओर से तकनीकी खराबी, सुरक्षा व्यवस्था में चूक या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है। आंध्र प्रदेश के शिक्षा और IT मंत्री नारा लोकेश ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, तिरुपति के सांसद डॉ. मड्डिला गुरुमूर्ति ने भी हादसे की गहन जांच और प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद देने की मांग की है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और अधिकारियों की ओर से हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।












