
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा में पत्रकारों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन यानी एमडब्ल्यूबी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से 2 प्रमुख घोषणाओं को जल्द लागू करने की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने मांग की है कि बीमारी की स्थिति में पत्रकारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि ढाई लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये की जाए। इसके साथ ही पत्रकारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी जल्द शुरू की जाए।

चंद्रशेखर धरणी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने करीब 2 वर्ष पहले पत्रकारों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने की घोषणा की थी, लेकिन अब इन घोषणाओं को सरकारी आदेश के जरिए अमलीजामा पहनाने की जरूरत है, ताकि बीमारी या किसी आपात स्थिति में पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। एमडब्ल्यूबी अध्यक्ष के अनुसार, संस्था पिछले 5 वर्षों से पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10-10 लाख रुपये का टर्म इंश्योरेंस निशुल्क उपलब्ध करवाने की पहल कर रही है। इन पॉलिसियों का वार्षिक नवीनीकरण भी संस्था की ओर से मुफ्त किया जाता है।
धरणी ने बताया कि एसोसिएशन अब तक पत्रकारों और उनके परिवारों की सहायता पर करीब 48 लाख रुपये खर्च कर चुकी है। संस्था की ओर से 6 पत्रकारों के किडनी प्रत्यारोपण के अलावा हृदय रोग और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के मामलों में भी आर्थिक सहयोग दिया गया है। वहीं, दिवंगत पत्रकार ज्ञानेंद्र भरतरिया के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता भी दी गई। उन्होंने कहा कि फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों के साथ काम करने वाले कैमरामैन भी जोखिम का सामना करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ में कार्यरत कैमरामैनों को भी 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध करवाने की पहल की गई है।
इसके अलावा, संस्था पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों और विभिन्न क्षेत्रों में हरियाणा का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी करती है। वर्ष 2025-26 में संस्था के संस्थापक सदस्यों को परिवार सहित कैशलेस स्वास्थ्य बीमा की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई। चंद्रशेखर धरणी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अपील की कि पत्रकारों को 5 लाख रुपये की चिकित्सा सहायता और कैशलेस इलाज की सुविधा से संबंधित घोषणाओं को जल्द लागू किया जाए, ताकि पत्रकारों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सके।












