
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब की जनता को लोकलुभावने वायदों से लुभाकर सत्ता प्राप्त करने वाली कांग्रेस ने सदैव ही लोगों की भावनाओं को आहत किया है। परन्तु इस बार पंजाब की जनता इसके बहकावे में आने वाली नहीं है, क्योंकि वे अब पूरी तरह से जागरुक हो चुकी है। आज सत्ता में आने उपरांत रोजगार देने के दावे करने वाली यह वही कांग्रेस है जिसने 2002 में नौकरियों पर बैन लगा दिया था और ठेकेदारी प्राणाली शुरु की थी। उक्त बात आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार परमजीत सचदेवा ने आज यहां जारी एक प्रैस बयान में कही। श्री सचदेवा ने कहा कि 2002 में जब कैप्टन अमरेन्द्र सिंह मुख्यमंत्री बने थे तो इन्होंने सत्ता में आने के 25 दिन बाद ही सरकारी विभागों में खाली पड़ी आसामियों के भरने पर रोक लगा दी थी तथा ठेकेदारी प्रणाली को जन्म दिया था। जिसका संताप आजतक हमारे युवा भुगत रहे हैं। श्री सचदेवा ने कहा कि आज एक बार फिर से कैप्टन अमरेन्द्र सिंह हर घर नौकरी की घोषणा करके जनता खासकर युवाओं के साथ धोखा करने के लिए सत्ता प्रप्ति हेतु नए-नए हथकंडे खेल रहे हैं। उन्होंने कहाकि प्रदेश में 60 लाख घर हैं तथा हर घर नौकरी का मतलब है कि 60 लाख नौकरियों का प्रबंध करना। जबकि सरकारी विभागों में कर्मियों की संख्या 4 लाख भी नहीं है। ऐसे में कैप्टन हर घर नौकरी कहां से देंगे जनता को समझ लेना चाहिए कि वे झूठ बोल रहे हैं। सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 25 लाख रोजगार के साधन पैदा करने की बात की है, जो नौैकरी के रुप में, स्वैरोजगार के रुप में या किसी अन्य प्रकल्प के माध्यम से संभल होगा ताकि हर घर खुशहाल हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पूरी तरह से आप के साथ है और आप की नीतियों के प्रति और भी जागरुक होकर साथ देने को तैयार बैठी है।












