Monday, October 5, 2026
Home Himachal ब्रेकिंग: दिल्ली दंगों व कोरोना वायरस से मारे गए लोगों के दुख...

ब्रेकिंग: दिल्ली दंगों व कोरोना वायरस से मारे गए लोगों के दुख में होली नहीं मनाएंगे राजेन्द्र राणा

हमीरपुर(द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। जब अपनों के जीवन बेरंग हुए हैं तो कैसे रंगों के पर्व पर खुशियां मना सकते हैं। दिल्ली दंगों और विश्व में कोरोना वायरस से हुई मौतों से दुखी होकर सुजानपुर से कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने इस बार होली का त्योहार न मनाने का निर्णय लिया है। राजेंद्र राणा ने कहा है कि राजधानी दिल्ली में दंगों से कई परिवारों ने अपनों को खोया है और कई लोग बेघर हुए हैं।

Advertisements

दिल्ली में हिमाचल से भी लाखों लोग रहते हैं जोकि दिल्ली की आग की तपिश से प्रभावित हुए हैं। इससे वह अंदरखाते दुखी व विचलित हुए हैं। जब अपनों के जीवन बेरंग हुए हैं तो वे कैसे रंगों के पर्व पर खुशियां मना सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस ने तो पूरी दुनिया को हिला दिया है।

ऐसी परिस्थिति में एक जनप्रतिनिधि होने व इंसानियत के नाते त्योहार न मनाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित व पीडि़त परिवारों को मिले दर्द को बांट नहीं सकते लेकिन दु:ख की इस घड़ी में पारिवारिक सदस्य की तरह खड़े होकर साथ तो निभा सकते हैं, क्योंकि ये घटनाएं केवल पीडि़त परिवारों की नहीं है, बल्कि हिमाचल, पूरे देश व दुनिया को झकझोरने वाली सांझी हैं।

-ऐतिहासिक सुजानपुर होली मेले से भी रहेंगे दूर

बता दें कि राजेंद्र राणा का संबंध सुजानपुर से है और सुजानपुर में राष्ट्र स्तरीय होली मेला को उत्सव की तरह मनाया जाता है।इस पर्व पर सुजानपुर की हर बेटी को मायके बुलाया जाता है ताकि वह होली उत्सव में घर-परिवार के साथ इस पर्व का आनंद ले सके लेकिन उसी सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने उपरोक्त घटनाओं से द्रवित होकर होली का पर्व न मनाने का फैसला लेकर एक जिम्मेवार नागरिक व जन प्रतिनिधि होने का सबको एहसास भी करवाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here