
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट की तरफ से ट्रस्ट के मैनेजिंग डायरैक्टर डा. एसपीएस ओबराये के निर्देशों एवं अगुवाई में आज एक सादे समारोह का आयोजन करके शारीरिक तौर से अक्षम व्यक्ति को ई-रिक्शा एवं जरुरतमंद लोगों को राशन वितरित किया गया। गौरतलब है कि पिछले लंबे समय से ट्रस्ट की तरफ से डा. ओबराये की अगुवाई में मानव सेवा के कई आयाम स्थापित किए गए हैं तथा कोविड-19 के कारण पैदा हुए हालातों के पहले दिन से ट्रस्ट की तरफ से हजारों लोगों को सेवा कर मानव सेवी कार्यों को जारी रखे हुए है। इसी कड़ी के तहत होशियारपुर के समीपवर्ती गांव बस्सी गुलाम हुसैन निवासी करनैल सिंह जोकि शारीरिक तौर से अक्षम होते हुए सफल किसान के रुप में खुद को स्थापित करने में सफल हो सके हैं, को ई-रिक्शा और 31 जरुरतमंद परिवारों को राशन भेंट किया गया।


ट्रस्ट के प्रधान आज्ञापाल सिंह साहनी की अगुवाई में आयोजित किए गए एक सादे समारोह के करनैल सिंह को ई-रिक्शा की चाबी सौंपते हुए श्री साहनी ने कहा कि डा. ओबराये समाज सेवा के प्रेरणास्रोत हैं और उनके साथ जुडकऱ हमें भी मानव सेवा को जमीनी स्तर पर करने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि करनैल सिंह ने शारीरिक रुप से अक्षम होते हुए अपनी हिम्मत और हौंसले से जो काम कर दिखाया है वह उन तमाम तंदरुस्त लोगों के लिए प्रेरणादायक है जो किसी भी काम को करने से पहले ही हौंसला हार जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज इस कार्यक्रम में डा. ओबराये ने खुद मौजूद रहकर यह पुण्य कार्य करना था, लेकिन किसी जरुर काम के चलते वह नहीं आ पाए तथा उनके निर्देशों पर ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा इसे पूरा किया जा रहा है।
करनैल सिंह को ई-रिक्शा और 31 जरुरतमंद परिवारों को ट्रस्ट की तरफ से भेंट की राशन सामग्री
श्री साहनी ने बताया कि करनैल सिंह आर्गेनिक खेती करके अपने घर का गुजारा कर रहे हैं जिन्हें अपने कार्य हेतु आने-जाने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए डा. ओबराये द्वारा उन्हें ई-रिक्शा भेंट करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा एक संस्था द्वारा भी करनैल की मदद हेतु ट्रस्ट को कहा गया था। इस दौरान करनैल सिंह ने डा. ओबराये, आज्ञापाल सिंह साहनी तथा अन्य सदस्यों का आभार व्यक्त किया। करनैल ने कहा कि ट्रस्ट ने ई-रिक्शा देकर उनकी जीविका को आसान कर दिया है तथा अब वह और भी लग्न और मेहनत से काम करेगा।
इस दौरान आज्ञापाल सिंह साहनी व अन्य सदस्यों ने गांव कमाही देवी निवासी करीब 31 जरुपरतमंद परिवारों को राशन भी वितरित किया। श्री साहनी ने बताया कि यह वो परिवार हैं, जिनमें काम करने वाले लोग लॉक डाऊन के चलते बेरोजगार हो गए तथा ऐसे परिवारों की सूची बनाकर उन्हें राशन वितरित किया गया है। इस मौके पर बी.एस. रंधावा, अवतार सिंह, प्रशोतम सैनी, जगमीत सिंह, दिलराज सिंह, गुरप्रीत सिंह, मनजीत सिंह आदि मौजूद थे।












