
होशियारपुर(द स्टैलर न्यूज़)। हलका चब्बेवाल से विधायक डा. राज कुमार ने स्मार्ट विलेज कैंपेन के दूसरे पड़ाव के अंतर्गत आज निजी तौर पर 25 गांवों जाकर अलग-अलग विकास कार्यों की शुरुआत गांव के गणमान्यों और बुज़ुर्गों से नींव पत्थर रखवाकर करते हुए कहा कि हलके के गांवों में लामिसाल विकास करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि हलके के गांवों के चौतरफा विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी और स्मार्ट गांव मुहिम के दूसरे पड़ाव के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की रफ़्तार को और बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह द्वारा पंजाब में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए स्मार्ट गांव मुहिम के दूसरे पड़ाव की शुरुआत के उपरांत विधायक डा. राज कुमार ने गांव अहराना कलां, भूंगरनी, जियाण, लहलीकलां, तनूली, मरनाईआं खुर्द, मुखल्याना, पट्टी, फलाही, रहैली, ठकरवाल, मुक्खोमज़ारा, कालेवाल भगतां, हकूमतपुर, ईसपुर, नडालों, पंडोरी गंगा सिंह, पंडोरी लद्दा सिंह, ठुआना, मैली, महमदवाल, नंगल चोरां आदि गांवों में जाकर विकास कार्यों की शुरुआत करवाई। इस मौके डा. राज कुमार ने कहा कि स्मार्ट गांव मुहिम के अंतर्गत ब्लाक-2 के 9 गांवों में 2.40 करोड़ रुपए से अधिक के काम करवाए जाएंगे और इसी तरह ब्लाक माहलपुर के 16 गांवों में 5.36 करोड़ रुपए की लागत के साथ अलग-अलग विकास कार्य मुकम्मल किये जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन कार्यों में पक्की गलियों-नालियों, सीवरेज, पक्के रास्ते, पानी की निकासी, पीने वाले पानी की सप्लाई, प्राथमिक स्कूलों का निर्माण, धर्मशाला, जि़म, फिरनियों का निर्माण इत्यादि मुख्य तौर पर शामिल हैं। विधायक ने इस मौके बातचीत करते हुए कहा कि हलके के 74 गांवों में पिछले साल दौरान 5.69 करोड़ रुपए की लागत के साथ 108 काम करवाए गए हैं जिनके साथ गांवों के बुनियादी ढांचो में भारी सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि ब्लाक माहिलपुर के अलग-अलग गांवों में पिछले साल 11.02 करोड़ रुपए की लागत के साथ 237 अलग-अलग काम करवाए गए हैं। इस मौके उनके साथ गांवों के सरपंच, पंच और अन्य गणमान्य मौजूद रहे।











