Tuesday, October 27, 2026
Home Jammu & Kashmir करंट लगने से बनगाई निवासी लाइनमैन बली मोहम्मद की मौत

करंट लगने से बनगाई निवासी लाइनमैन बली मोहम्मद की मौत

जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: अनिल भारद्वाज। जम्मू कश्मीर के जिला राजौरी के थन्नामंडी क्षेत्र में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से विभाग के लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बली मोहम्मद पुत्र मखना निवासी बनगाई के रूप में हुई है। पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिवार वालों के हवाले कर दिया। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बिजली विभाग का लाइनमैन बली मोहम्मद थन्नामंडी क्षेत्र में ही बिजली लाइन पोल पर चढ़ कर बिजली सुधार का कार्य कर रहा था। इसी दौरान बिजली की सप्लाई बहाल हो गई, जिससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस बिजली की तारों में ही लटक गया आसपास मौजूद लोगों ने बिजली की सप्लाई को भी बंद करवा दिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।

Advertisements

बिजली सप्लाई बंद कर बिजली कर्मियों ने शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिवार वालों के हवाले कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। बतादें कि जिला राजौरी में प्रशासन व संबंधित विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से बिजली की काफी जर्जर हालत है जिसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों व नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। एक सप्ताह पहले उपजिला कालाकोट के नारला के वार्ड नंबर चार मोड़ा नाड़ी में एक युवक की बिजली करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। वहीं, चार रोज पहले राजौरी जिले की दरहाल तहसील की पंचायत चौकिया में बिजली की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here