Saturday, October 24, 2026
Home Latest कोरोना से पीडि़त मृतक शरीर का संस्कार करने वाले कोरोना योद्धाओं को...

कोरोना से पीडि़त मृतक शरीर का संस्कार करने वाले कोरोना योद्धाओं को ‘प्रिंसीपल बग्गा सेवा अवार्ड’ से किया सम्मानित

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कोरोना से पीडि़त मृतक के संस्कार में कई बार पारिवारिक सदस्यों द्वारा भी सहयोग नहीं दिया जाता, पर होशियारपुर के स्थानीय श्मशान घाट में कार्यरत कर्मियों द्वारा हर कोरोना पीडि़त मृतक शरीर का संस्कार बड़े ही सम्मानपूर्वक ढंग से किया जाता है। श्मशान घाट में काम कर रहे इन कर्मियों को, आज ‘प्रिंसीपल बग्गा सेवा अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सेक्रड हार्ट हस्पताल जालंधर की प्रशासक सिस्टर ग्रेस, डा. अनूप कुमार, प्रधान, डी.ए.वी. कालेज मैनेजिंग कमेटी एवं सिस्टर मालिया की तरफ से इन कर्मियों को श्मशान घाट में प्रदान किया गया। सिस्टर ग्रेस ने इस अवसर पर कहा कि कोरोना महामारी को खत्म करने में कोरोना योद्धा अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्मशान घाट में कोरोना पीडि़तों का संस्कार करने वाले कोरोना योद्धा हैं तथा उनके द्वारा दी जा रही सेवाएं सराहनीय हैं।

Advertisements

डा. अनूप कुमार ने लोगों से अपील की है कि कोरोना महामारी के विरुद्ध सफलता के लिए आवश्यक है कि सभी नागरिक कोविड अनुकूल आचरण का पालन करते हुए कोरोना विरुद्ध वैक्सीन जरूर लगवाएं। ‘प्रिंसीपल बग्गा सेवा अवार्ड’ के बारे में समाजकर्मी डा. अजय बग्गा ने बताया कि हर साल प्रिंसीपल बग्गा की वार्षिक बरसी पर, यह अवार्ड समाज में सराहनीय कार्य करने वालों को दिया जाता है। इस बार प्रिंसीपल बग्गा की 37वीं बरसी पर हर अवार्डी को सम्मान स्वरूप 2 हजार रुपये नकद, स्मृति चिन्ह तथा अंगवस्त्र आदि भेंट किए गए।

डा. बग्गा ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान मृतक शरीर के संस्कार में सहयोग देकर श्मशान घाट के कर्मियों ने सच्ची मानवता का प्रदर्शन किया है। प्रिंसीपल बग्गा सेवा अवार्ड महन्त मास्टर विजय कुमार, पंडित शक्ति शर्मा, पंडित दर्शन काका, सुखविंदर सिंह, विजय, दविंदर अटवाल, सोनू, हरबंस लाल, विक्की, अशोक कुमार एवं जोगिंदर सिंह सहित 12 कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि समाजवादी विचारक तथा पूर्व विधायक प्रिंसीपल ओम प्रकाश बग्गा ने 2 जून 1984 को धर्म निरपेक्षता, राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव की मजबूती के लिए संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here