नई शिक्षा नीति में खेलों को मिला विशेष स्थान: अनुराग, जनता ने दिल खोलकर दिया आशीर्वाद

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो विश्वास हिमाचल के लिए दिखाया है उसके लिए हिमाचल ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल की संस्कृति को विश्व पटल पर पहचान दिलाना हमारा बड़ा अभियान है, इसमें हमें हिमाचल के सभी लोकल वस्तुओं एवं संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने पत्रकारों के जवाब में कहा कि जहां ज़मीन मिलेगी हम खेलों को बढ़ावा देने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।

Advertisements

केन्द्रीय मंत्री हिमाचल प्रदेश में पांच दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा के चौथे दिन हमीरपुर में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कला और संस्कृति को अगले 10 वर्षों में विश्व पटल पर पहचान दिलाना प्राथमिकता है। सर्किट हाउस हमीरपुर में रविवार देर रात्रि प्रेसवार्ता में अनुराग ने कहा कि हिमाचल के लोगों ने उन्हें आशीर्वाद देना था जिसके लिए उन्होंने न धूप देखी और न बारिश। अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के अलावा कांगड़ा, मंडी और शिमला संसदीय क्षेत्रों में भी लोगों ने उम्मीद से ज्यादा जोश व प्यार दर्शाया।

उन्होंने कहा कि वीरभूमि हिमाचल को अब खेलभूमि के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सडक़, हाइड्रो पावर और औद्योगिक क्षेत्र में किए गए अभूतपूर्व कार्यों को याद दिलाया। इसके अतिरिक्त पूर्व सीएम शांता कुमार द्वारा प्रदेश में लाई पेयजल क्रांति की भी तारीफ की।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश वेक्सिनेशन के क्षेत्र में दुनिया में सबसे आगे है। भारत को कुपोषणमुक्त बनाने के लिए बेहतर प्रयास हो रहे हैं।अनुराग ठाकुर ने कहा कि नई शिक्षा नीति में खेलनीति को भी विशेष स्थान दिया गया है।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जम्मू कश्मीर में आतंकवादी घटनाओं में कमी आई है और केन्द्र शासित लद्दाख और जम्मू कश्मीर अब विकास की पटरी पर चल पड़े हैं। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जो पार्टी दो वर्षों में अपना अध्यक्ष नहीं चुन सकी उससे देशवासी क्या उम्मीद रख सकते हैं। अनुराग ने प्रदेश में रेलवे, सडक़ों व एफएम सिग्नल के विकास के लिए अपनी तरफ से पूर्ण प्रयास करने की बात कही। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक नरेंद्र ठाकुर और कमलेश कुमारी भी मौजूद रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here