Thursday, October 22, 2026
Home Politics विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा हिन्दू, दलित व पिछड़े वर्गों...

विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा हिन्दू, दलित व पिछड़े वर्गों की अनदेखी का नतीजा: दूलो

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: जतिंदर प्रिंस/हरपाल लाडा। पंजाब प्रदेश कांग्रेस लीगल सेल के को-चेयरमैन और श्री गुरु रविदास मैमोरियल फाउंडेशन के सदस्य पंकज कृपाल एडवोकेट के नेतृत्व में गांव पोसी में दलित सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शमशेर सिंह दूल्लो मुख्यातिथि के तौर पर हाजिर हुए। समारोह में संत जसविंदर सिंह डांडिया, संत सुरजीत दास ढाडा खुर्द, संत मेजर दास हल्लुवाल, संत महावीर ताजेवाल, संत महिंदरपाल पंडवा, संत टैहिल दास नंगल खेड़ा, संत सतनाम दास पंडोरी लधा सिंह, साई मोनिका रत्तू आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर विभिन्न संतों, महापुरुषों ने दलित समुदाय से एकजुट होने की अपील की तथा कहा कि पंजाब में 40 फीसदी आबादी दलित समुदाय की है और अगर पूरा दलित समुदाय एक जुट हो जाए तो हमें सरकारों से कुछ मांगने की जरूरत नहीं है, बल्कि हम खुद सरकारें बना सकते हैं।

Advertisements

पंजाब प्रदेश कांग्रेस लीगल सेल के को-चेयरमैन एडवोकेट पंकज कृपाल की अगुवाई में गांव पोसी में करवाया गया दलित समागम

इस मौके पर शमशेर सिंह दूल्लो ने कहा कि हर राजनीतिक दलों ने दलितों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि 40 फीसदी आबादी होने के बावजूद किसी भी दलित को पंजाब का मुख्यमंत्री बनने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने पिछले साढ़े चार साल में दलितों के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष दोनों जाट हैं, जबकि राज्य में जाटों की आबादी महज 12 फीसदी है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कैबिनेट में नाममात्र के दलित मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल द्वारा सरकार में आने पर दलित उपमुख्यमंत्री बनाने की जो घोषणा की गई वह महज दिखावा है। उन्होंने कहा कि यदि सुखबीर सिंह बादल को दलितों की इतनी ही चिंता है तो उन्हें अपने अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर किसी दलित को अकाली दल का अध्यक्ष नियुक्त कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा अब एक दलित को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर रही है, लेकिन भाजपा को यह बताना चाहिए कि उन्होंने आज तक देश के किसी भी राज्य में किसी भी दलित को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में श्री गुरु रविदास मंदिर गिराने से अरविंद केजरीवाल का दलित विरोधी चेहरा पहले ही बेनकाब हो चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दलित समाज को संत समाज के नेतृत्व में एकजुट होने की जरूरत है उन्होंने कहा कि दलित समाज को अपनी ताकत पहचानने की जरूरत है।

समारोह को संबोधित करते हुए एडवोकेट पंकज कृपाल ने कहा कि गुरु रविदास महाराज की चरणछोह प्राप्त धरती खुरालगढ़ साहिब में पेयजल के लिए ट्यूबवेल लगाने की घोषणा के बाद ट्यूबवेल नहीं लगाना दलित समुदाय के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार ने पीने के पानी के लिए खुरालगढ़ साहिब में ट्यूबवेल नहीं लगाया तो संत समाज को सडक़ों पर ले जाकर धरना दिया जाएगा। इस अवसर पर सरवन राम अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस गढ़शंकर,प्रणव कृपाल प्रवक्ता पंजाब प्रदेश युवा कांग्रेस, हरमेश्वर सिंह सदस्य जिला परिषद होशियारपुर,मंजीत कौर सदस्य जिला परिषद होशियारपुर, जैलदार दविंदर सिंह, पलविंदर चोपड़ा महासचिव पंजाब कांग्रेस सेवा दल,राजिंदर पाल सरपंच,हरमेश सिंह सरपंच, जीत सिंह सरपंच, मंजीत सिंह सरपंच, जगतार सिंह पूर्व सरपंच, वरिंदर सिंह, आकाशदीप बेदी, रवि कुमार, रोहित कुमार, शंभू सरपंच, रिंका चौधरी, रिकी बिलड़ों, मदन बिहाला, सुख राम बिंजो, आदि उपस्थित हुए। इस अवसर पर आद धर्म मंडल के संस्थापक बाबू मंगू राम के पौत्र करमजीत का विशेष सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि भारी बारिश के बावजूद इस आयोजन को लेकर दलितों में काफी उत्साह था।

शमशेर सिंह दुलो फिर अपनी ही सरकार पर बरसे

पंजाब प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शमशेर सिंह दूलो ने प्रैस से बात करते हुए कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने दलित बच्चों की छात्रवृत्ति घोटाले के दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, न ही जहरीली शराब से हुई मौतों के दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की, न ही रेत खनन माफियाओं पर नकेल कसी है, न ही नशों को रोका है तथा न ही गुरु ग्रंथ साहिब का अनादर करने वालों को सजा मिली। उन्होंने कहा कि हमें लोगों को घर-घर नौकरी देने के लारों को लेकर हर जगह जवाब देना पड़ता है। दूलों ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ बहादुरी से लडऩे वाले कांग्रेस के टकसाली कार्यकर्ता आज ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस पर दलबदलुओं का कब्जा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हिंदू, दलित और पिछड़ा वर्ग कांग्रेस सरकार बनाते हैं, लेकिन कांग्रेस इनकी उपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि होशियारपुर जिला भी हिंदू और दलित बहुल जिला है, लेकिन यहां भी हिंदुओं और दलितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में हिंदुओं, दलितों और पिछड़े वर्गों की अनदेखी का खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here