
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। पुलिस अधीक्षक डा आकृति शर्मा ने कहा कि जिला में नशे के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ दिया है तथा उनके यहां कार्यभार ग्रहण करने के बाद कई लोगों को सलाखों के पीछे धकेला जा चुका है1 आगामी दिनों इस अभियान को और तेज किया जाएगा। युवा पीढ़ी को बर्वाद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। डा. आकृति शर्मा को उनके कार्यालय में शुभ प्रभात हेल्थ क्लब हमीरपुर ने यहां कार्यभार करने पर सम्मानित किया। क्लब के अध्यक्ष जेएन शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश बजाज, महासचिव आरएल भारद्वाज, रविंद्र ठाकुर व किशोर शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे। क्लब के अध्यक्ष जेएन शर्मा ने सदस्यों का परिचय करवाया तथा क्लब की गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। क्लब के प्रेस सचिव रविंद्र ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर के लिए सौभाग्य की बात है तथा नई पुलिस अधीक्षक की पढ़ाई भी हमीरपुर में हुई तथा वह सेवाएं भी हमीरपुर में दे रहीं है ।

उनके पिता आरएम शर्मा भी हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक रह चुके है तथा अब आईपीएस बेटी यहां पर सेवाएं दे रहीं है। क्लब के साथ ही हमीरपुर के लोगों को नई पुलिस अधीक्षक पर नाज है। जिला में कानून व्यवस्था सुदृढ करने के साथ ही नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगी। पुलिस अधीक्षक डा आकृति शर्मा ने क्लब के साथ ही जिला भर के लोगों से आग्रह किया है कि वह नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की सूचना पुलिस को दें तथा उनके नाम गुप्त रखे जाएंगे। वह सीधे तौर पर उन्हें भी सूचना दे सकते है। आगामी दिनों नशे के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। इस दौरान क्लब के अध्यक्ष जेएन शर्मा ने पुलिस अधीक्षक से पुलिस लाइन में एक योग शिविर लगाने का आग्रह किया। जिससे जवानों को योग सिखाया जा सके। इसके लिए पुलिस अधीक्षक ने अपनी सहमति जताई। अक्तूबर माह में योग शिविर लगाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने क्लब के कार्यो को सराहा तथा इसमें उनकी ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।












