Wednesday, October 21, 2026
Home Himachal 670 पंचायतों में बनाएंगे कॉमन सर्विस सैंटर: वीरेंद्र कंवर

670 पंचायतों में बनाएंगे कॉमन सर्विस सैंटर: वीरेंद्र कंवर

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़) रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने मंगलवार को हमीरपुर की निकटवर्ती ग्राम पंचायत भरनांग में पंचायत सामुदायिक केंद्र भवन का भूमि पूजन किया। भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूूमल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Advertisements

ग्रामीण विकास मंत्री ने भरनांग में किया पंचायत सामुदायिक केंद्र का भूमि पूजन
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए वीरेंद्र कंवर ने कहा कि लगभग 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भवन में एक ही छत के नीचे पंचायतवासियों को कई सुविधाएं मिलेंगी। यह भवन एक पंचायत मिनी सचिवालय के रूप में कार्य करेगा। इसमें बड़े हॉल और अन्य सुविधाओं के अतिरिक्त कॉमन सर्विस सेंटर यानि लोक मित्र केंद्र भी कार्य करेगा।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार 2982 ग्राम पंचायतों में इस तरह के सेंटर विकसित करेगी। पिछले वर्ष 27 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से 275 पंचायतों में ये केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इस वर्ष भी 670 नए सीएससी बनाए जाएंगे, जिनके लिए बजट में साढे 33 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कंवर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के चहुमुखी विकास के लिए प्रदेश सरकार ने 412 नई पंचायतों का गठन किया है। इन पंचायतों में भूमि उपलब्ध होते ही पंचायत सामुदायिक केंद्रों के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है। पंचायत कार्यों में दक्षता लाने के लिए 630 पंचायत सचिव, 124 ग्राम रोजगार सेवक और 124 तकनीकी सहायकों की भर्ती के अतिरिक्त पंचायत चौकीदारों के लिए भी बजट में प्रावधान रखा गया है।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि मनरेगा कनवर्जेंस के माध्यम से पंचायतें कई बड़े विकास कार्यों को भी अंजाम दे सकती हैं। इसके लिए पंचायत जनप्रतिनिधियों को हर वर्ष कम से कम पांच बड़ी प्राथमिकताएं तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा कनवर्जंेस और अन्य योजनाओं में सराहनीय कार्य करने वाले खंड विकास अधिकारियों को प्रदेश सरकार विशेष रूप से सम्मानित करेगी। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सुजानपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ला में शिवधाम एवं पंचवटी पार्क का निर्माण किया गया है। इसी प्रकार टीहरा पंचायत में भी कृष्ण धाम एवं पंचवटी पार्क बनाया जा रहा है।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश में हींग और केसर की खेती के साथ-साथ दालचीनी, ड्रैगन फ्रूट और मॉंक फ्रूट जैसी नकदी फसलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टौणी देवी क्षेत्र के पशुपालकों की सुविधा के लिए टौणी देवी में पशुपालन विभाग के पॉलीक्लीनिक की स्थापना की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी तथा स्वीकृति के लिए इसे कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि भारत का गौरव बढ़ाने के लिए हमें गांवों का गौरव बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 90 प्रतिशत आबादी गांवों में ही रहती है और गांवों के चहुमुखी विकास के लिए हर व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने किसानों-बागवानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे वे लगभग शून्य बजट में भी अच्छी पैदावार करके अपनी आय बढ़ा सकते हंै। इससे ग्रामीण विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति और इतिहास को कभी भी नहीं भूलना चाहिए तथा नई पीढ़ी को इनसे अवश्य अवगत करवाना चाहिए। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए धूमल ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में ही इस क्षेत्र के सभी दुर्गम गांवों तक सडक़ें पहुंचाई गई थीं। अब केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के प्रयासों से कोट-चौरी सडक़ के सुदृढ़ीकरण के लिए सेंट्रल रोड फंड से 32 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने क्षेत्र में जारी अन्य विभिन्न विकास कार्यों एवं घोषणाओं के लिए वीरेंद्र कंवर का धन्यवाद भी किया।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी, सुजानपुर भाजपा मंडल के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ठाकुर, महामंत्री पवन कुमार और स्थानीय पंचायत प्रधान विमला देवी ने मुख्य अतिथि तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया और क्षेत्र में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।
जाने-माने गायक धीरज शर्मा ने हिमाचली लोकगीतों से लोगों का मनोरंजन किया। महिला मंडल की सदस्यों और बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ग्रामीण विकास मंत्री ने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भरनांग पंचायत को अपनी ऐच्छिक निधि से इक्कीस हजार रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम डॉ. चिरंजी लाल चौहान, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. मनोज कुमार, बीडीओ रमेश कुमार, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष तिलक राज, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा, सराहकड़ की प्रधान पूनम, बीडीसी सदस्य सीमा देवी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here