
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर कांग्रेस को पूर्व कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा ने अरोड़ा कांग्रेस बना दिया था तथा उनके भाजपा में जाने से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को अरोड़ा कांग्रेस से मुक्ति मिल गई है। अब कार्यकर्ता खुलकर और एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य कर सकेंगे। यह बात पूर्व पार्षद पंडित विक्रम मेहता ने पूर्व मंत्री अरोड़ा के भाजपा में शामिल होने उपरांत अपने विचार पेश करते हुए कही।

श्री मेहता ने कहा कि श्री अरोड़ा ने होशियारपुर कांग्रेस को अपनी कठपुतली बना रखा था और न ही किसी नेता और न ही किसी कार्यकर्ता को बनता सम्मान दिया गया। जिसके चलते सभी निराशा के आलम थे। पिछली कांग्रेस सरकार के समय में पूरे पांच साल कांग्रेस का ग्राफ नीचे गिरा था, क्योंकि श्री अरोड़ा ने कांग्रेस को अपनी जागीर बनाकर रखा व अपनी मर्जी के फैसले थोपे। जिस कारण कांग्रेस को यहां से हार का मुंह देखना पड़ा। उन्होंने भाजपा में जाकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ धोखा किया है। श्री मेहता ने कहा कि श्री अरोड़ा के भाजपा में जाने से कांग्रेसी कार्यकर्ता काफी खुश हैं और उन्हें पूरी उम्मीद है कि अब सभी कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष राजा वडिंग के नेतृत्व में नई टीम के साथ पूरी मजबूती के साथ कार्य करके पार्टी को पहले जैसे मजबूती प्रदान करेंगे।
उन्होंने कांग्रेस हाईकमांड से अपील की कि अब जिला कांग्रेस का नेतृत्व मजबूत हाथों में पूर्व विधायक पवन कुमार आदिया या अरुण डोगरा मिक्की को सौंपा जाए ताकि पार्टी को जो क्षति श्री अरोड़ा ने पहुंचाई थी उसे दुरुस्त किया जा सके।











