देश में नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है बीजेपी: कोटली

हमीरपुर  (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा: कांग्रेस कार्यकर्ता  कार्यक्रम हमीरपुर में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली ने कहा है कि आज महंगाई के खिलाफ आम जनता का गुस्सा सरेआम दिखाई दे रहा है। पूर्व में हुए चार उपचुनावों में भी महंगाई ही बड़ा मुद्दा था जिसमें प्रदेश की जनता ने बीजेपी को चारों खाने चित्त किया था। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश बीजेपी का डबल इंजन का फार्मूला फेल हो चुका है।

Advertisements

प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार आदि मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटका कर देश में नफरत फैलाने की राजनीति बीजेपी कर रही है। उन्होंने कहा कि खुद को देश का प्रधानमंत्री बताने वाले नरेंद्र मोदी ने अपने राज में एक दिन भी प्रेस को संबोधित करना मुनासिफ नहीं समझा। यानी कि एक तरह से प्रेस की आजादी भी अब इस देश में नहीं रही। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज कसते हुए कोटली ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में विधानसभा चुनावों के तीन महीने बाद ही संसदीय उपचुनाव में क्षेत्र की जनता ने आप की असलीयत समझ कर उन्हें पूरी तरह नकारा है।

उन्होंने कहा कि मोदी की तर्ज पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी प्रेस का सामना नहीं करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय में ही एक स्टूडियो बनाया है जिसके माध्यम से वह अपना बयान जारी करते हैं। कोटली ने चुटकी लेते हुए कहा कि वैसे भी भगवंत मान जिस पेशे से सियासत में आए हैं उन्हें स्टूडियो से ही काम करने की आदत होती है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान गांव से भी हारे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब जीतने के बाद वह हिमाचल में भी फेरा मारने लगे हैं। लेकिन हिमाचल की शिक्षित जनता जानती है कि इस शांतिप्रिय प्रदेश में फिरका परस्त ताकतों का कोई काम नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here