Monday, October 19, 2026
Home Chandigarh गुजरात की महिलाओं को 1000 रुपये देने का वायदा करने वाले केजरीवाल...

गुजरात की महिलाओं को 1000 रुपये देने का वायदा करने वाले केजरीवाल पर वड़िंग ने साधा निशाना

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गुजरात में 18 साल से अधिक आयु वर्ग की सभी महिलाओं को 1000 रुपये देने का वायदा करने वाले आम आदमी पार्टी के कन्वीनर और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। यहां जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि वह केजरीवाल से गुजरात की महिलाओं को वायदा करने से पहले पूछना चाहते हैं कि क्या पंजाब में पहले यह वायदा पूरा करना उनकी एक नैतिक जिम्मेदारी नहीं है। केजरीवाल द्वारा हाल ही में गुजरात में किए गए वादे पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए, वड़िंग ने कहा कि उन्हें मीडिया की खबरों से पता चला है कि अरविंद केजरीवाल गुजरात में उसी तर्ज पर 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को वायदा कर रहे हैं, जिस प्रकार उन्होंने पंजाब की महिलाओं को किया था कि यदि आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है कि वह यहां प्रत्येक महिला को 1,000 रुपये देंगे।

Advertisements

उन्होंने गुजरात की महिलाओं से केजरीवाल से पूछने की अपील की है कि क्या पंजाब में उनकी सरकार ने वायदे मुताबिक महिलाओं को 1000 रुपया देना शुरू कर दिया है, जिस प्रकार वह गुजरात में वायदा कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात के लोगों को आप के झूठे वादों पर भरोसा करने से पहले पंजाब में इनकी सच्चाई को जांच लेना चाहिए। वड़िंग ने कहा कि चाहे मुफ्त बिजली हो या फिर महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह भत्ता देना, आप हर वायदे से पीछे हट गई है। उन्होंने ऐलान किया कि राज्य से पार्टी के नेता गुजरात जाएंगे और आप द्वारा वहां झूठ का प्रचार करने की कोशिशों का भंडाफोड़ करेंगे। उन्होंने गुजरात के लोगों से कहा कि लोग अखबारों में पूरे पेज के विज्ञापनों और टीवी चैनलों पर इनकी वाह-वाह के झांसे में ना आएं, जो सब कुछ पंजाब के करदाताओं के पैसों से खरीदा गया है। उन्हें चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाबी खुद को ठगा व लुटा हुआ महसूस कर रहे हैं और यदि आपने इन पर भरोसा किया, तो आपके भी यही हालात होंगे जिस प्रकार पंजाबियों ने पहले इन पर भरोसा किया था और अब अफसोस कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here