
ऊना(द स्टैलर न्यूज़)। सदर थाना ऊना के तहत आते कुठार कला में एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान राजन जसवाल पुत्र कुलदीप जसवाल और अमल पुत्र नंद लाल दोनों निवासी सलोह, विशाल चौधरी उर्फ अमनदीप पुत्र वलदेव सिंह निवासी मजारा, सिमरन जीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी हाजीपुर तहसील नंगल जिला रुपनगर पंजाब व अनूप सिंह पुत्र जनक राज निवासी झलेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक शनि-रविवार की मध्यरात्रि संतोषगढ़ से ऊना जा रही पंजाब नंबर की कार कुठार पहुंचने पर सडक़ किनारे लगे खम्बे टकराने के बाद खेतों में पलट गई।

हादसे की सूचना पता लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे और कार को सीधा किया। हादसे में सलोह निवासी राजन जसवाल व अमल की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि हादसे में घायल कार चालक विशाल चौधरी निवासी मजारा, सिमरन जीत सिंह निवासी हाजीपुर तहसील नंगल व अनूप सिंह निवासी झलेड़ा को ऊना अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई। एसपी ऊना अर्जित सेन ने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया हैं तथा अगली कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।












