Monday, October 12, 2026
Home Latest रामलीला में अश्लील गानों और अशोभनीय नृत्य पर रोक लगाने की मांग,...

रामलीला में अश्लील गानों और अशोभनीय नृत्य पर रोक लगाने की मांग, बजरंग दल हिंदोस्तान ने DC को सौंपा मांग पत्र

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। बजरंग दल हिंदोस्तान के एक प्रतिनिधिमंडल ने डी.सी. आशिका जैन से मुलाकात कर रामलीला के पवित्र मंच पर अश्लील गानों, अशोभनीय नृत्य एवं आपत्तिजनक प्रस्तुतियों पर रोक लगाने संबंधी मांग पत्र सौंपा। उन्होने कहा कि रामलीला हिंदू धर्म की एक पवित्र धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा है। इसके माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, धर्म और सदाचार का संदेश समाज तक पहुँचाया जाता है। रामलीला का मंच करोड़ों हिंदुओं की आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। हमारे संज्ञान में आया है कि रामलीला के कुछ कार्यक्रमों में कथित रूप से अश्लील गाने, अशोभनीय नृत्य तथा आपत्तिजनक प्रस्तुतियाँ की जा रही हैं। यदि ऐसा हो रहा है, तो यह रामलीला की धार्मिक गरिमा एवं पारिवारिक सांस्कृतिक वातावरण के प्रतिकूल है। इससे श्रद्धालुओं की भावनाएँ आहत होने की आशंका है। अतः बजरंग दल हिंदुस्तान की ओर से प्रशासन के समक्ष माँगें रखी जाती हैं कि यदि किसी कार्यक्रम में अश्लील गाने, अशोभनीय नृत्य या कानून के विरुद्ध सामग्री प्रस्तुत की जा रही हो, तो नियमानुसार तत्काल रोक लगाई जाए। रामलीला के मंच पर भगवान श्रीराम, माता सीता, भगवान हनुमान एवं अन्य धार्मिक पात्रों की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने के लिए आयोजकों को आवश्यक निर्देश दिए जाएँ।

रामलीला में पारिवारिक एवं धार्मिक वातावरण बनाए रखने तथा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली प्रस्तुतियों से बचने के लिए उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ। जांच में अगर कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उस के विरुद्ध कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए। प्रशासन द्वारा की गई जाँच एवं कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को लिखित रूप में उपलब्ध करवाई जाए। उन्होने आगे कहा कि हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का अपमान करना या कानून अपने हाथ में लेना नहीं है। हमारी माँग केवल रामलीला की धार्मिक पवित्रता, सांस्कृतिक मर्यादा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की है। इस अवसर पर मनजीत सिंह माहिलपुरी राष्ट्रीय महासचिव, परमजीत सिंह फौजी बूथगढ़ राष्ट्रीय सीनियर उप-प्रधान, दीपक कुमार जिला प्रधान होशियारपुर, गौरव जिला गऊ रक्षा प्रधान, संजीव पठानिया दोआबा उप-प्रधान, जसविंदर राम जिला गऊ रक्षा उप-प्रधान विशेष तौर पर शामिल हुए।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here