पंजाब कांग्रेस ने सूरी की हत्या की निंदा की, कहा- राज्य में कानून व व्यवस्था की हालत पूरी तरह खराब

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज अमृतसर में दिन-दिहाड़े शिवसेना नेता सुधीर सूरी की हत्या किए जाने की निंदा की है। इस दौरान उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा व शांति बनाए रखने की अपील की है, ताकि पंजाब के दुश्मनों की साजिश को नाकाम किया जा सके।

Advertisements

यहां जारी एक बयान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ढह चुके हैं और अपराधी आसानी से अपने टारगेट को चुनकर उनका कत्ल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस हत्या से खुलासा होता है कि राज्य में सरकार कानून और व्यवस्था संभालने में फेल हो चुकी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को हालातों को हल्के में न लेने की चेतावनी देते हुए कहा कि यह सब इसलिए हुआ है, क्योंकि पूरी सरकार गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावों में व्यस्त है।

वड़िंग कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने राज्य दिल्ली से बाहर रहकर गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार कर सकते हैं, लेकिन पंजाब में ऐसा नहीं हो सकता, क्योंकि पंजाब में शासन चलाना आसान नहीं है और यह समय-समय पर साबित हो चुका है। पंजाब को फुल टाइम गवर्नेंस की जरूरत है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सूरी की राजनीतिक विचारधारा के विपरीत वह हाई रिस्क टारगेट था और सरकार को उसकी सुरक्षा को लेकर अधिक सावधान रहने की जरूरत थी। उसकी हत्या ने पंजाब में डर का माहौल पैदा कर दिया है और लोगों में भय व्याप्त हो गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब हालातों को एक बार फिर से काले दौर में नहीं जाने दे सकता। हमने पंजाब को कई लोगों के बलिदान के बाद बचाया है और यह हमारा फर्ज बनता है कि कड़ी मेहनत से हासिल की गई इस शांति को बचा कर रखा जाए। उन्होंने लोगों से बांटने वाली राजनीति से ऊपर उठकर आपसी एकता व भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here