Friday, October 23, 2026
Home Chandigarh स्वास्थ्य मंत्री ने एचआईवी/एड्ज़ के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए...

स्वास्थ्य मंत्री ने एचआईवी/एड्ज़ के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए 11 जागरूकता वैनों को किया रवाना  

चंडीगढ़/एस.ए.एस. नगर (द स्टैलर न्यूज़)। एच.आई.वी./एड्ज़ संबंधी लोगों को जागरूक करने और संक्रमित लोगों को उपयुक्त इलाज मुहैया करवाने के उद्देश्य से पंजाब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज डॉ. बी.आर. अम्बेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, फेज़-6 मोहाली से 11 जागरूकता वैनों को हरी झंडी देकर रवाना किया। पंजाब स्टेट एड्ज़ कंट्रोल सोसायटी और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा साझे तौर पर एक महीना चलने वाली इस एच.आई.वी./एड्ज़ जन-जागरूकता मुहिम की शुरुआत की गई।  
इन आई.ई.सी. (सूचना, शिक्षा और संचार) जागरूकता वैनों के ज़रिये लोगों को एल.ई.डी. से लैस ऑडियो- विजुअल जागरूकता फिल्में प्रदर्शित करने के साथ-साथ प्रिंट सामग्री भी बाँटी जाएगी। इन वैनों के साथ लैब टैक्नीशियन और काउंसलर विशेष तौर पर तैनात किए गए हैं, जो घर-घर जाकर लोगों का मुफ़्त एचआईवी/ एड्ज़ टैस्ट करेंगे।  
अधिक जानकारी देते हुए बलबीर सिंह ने बताया कि यह 11 विशेष जागरूकता वैनें पंजाब के सभी जि़लों के अलग-अलग गाँवों में जाकर लोगों को इस घातक बीमारी संबंधी जागरूक करेंगी, क्योंकि इसकी रोकथाम तो की जा सकती है परन्तु इसका इलाज संभव नहीं है। हरेक वैन रोज़ाना 4-5 गाँवों को कवर करेगी और यह वैनें एक महीने में 1650 गाँवों को कवर करेंगी।  

Advertisements

पंजाब भर के 1650 से अधिक गाँवों को कवर करेंगी एलईडी से लैस वैनें, लोगों का मुफ़्त एचआईवी/एड्ज़ टैस्ट करने के लिए वैनों में विशेष मेडिकल स्टाफ तैनात: डॉ. बलबीर सिंह

उन्होंने बताया कि लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए टैस्ट करवाने, ऑडियो-विजुअल जागरूकता फिल्में दिखाने और प्रिंटिड सामग्री बाँटने के अलावा थियेटर कलाकार गाँवों में नुक्कड़ नाटक भी पेश करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जागरूक रह कर और कुछ सावधानियाँ इस्तेमाल कर एच.आई.वी./एड्ज़ से बचा जा सकता है और जानकारी की कमी के कारण लोग इस बीमारी का शिकार हो जाते हैं। बलबीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि वह इन वैनों का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ और एच.आई.वी. संबंधी पता लगाने के लिए अपना टैस्ट करवाएँ।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के लोगों को विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएँ मुहैया करवाने के लिए वचनबद्ध है।  
इस मौके पर पंजाब स्टेट एड्ज़ कंट्रोल सोसायटी के प्रोजैक्ट डायरैक्टर प्रदीप कुमार अग्रवाल, डायरैक्टर स्वास्थ्य सेवाएँ पंजाब डॉ. रणजीत सिंह, डॉ. बी.आर. अम्बेदकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के डायरैक्टर प्रिंसिपल डॉ. बबनीत भारती, पंजाब स्टेट एड्ज़ कंट्रोल सोसायटी के अतिरिक्त प्रोजैक्ट डायरैक्टर डॉ. बॉबी गुलाटी और सिविल सर्जन मोहाली डॉ. आदर्शपाल कौर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here