मंत्री जौड़ामाजरा द्वारा शहीद जवानों के पारिवारिक सदस्यों का सम्मान

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के स्वतंत्रता सेनानी, रक्षा सेवा कल्याण और सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के मंत्री स. चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने आज ऑपरेशन पवन के शहीदों के पारिवारिक मैंबरों/आश्रितों को सम्मानित करते हुए दोहराया कि मुख्यमंत्री स. भगवंत मान सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।

Advertisements

पंजाब सरकार द्वारा महाराजा रणजीत सिंह जंगी अजायब घर लुधियाना में करवाए गए सम्मान समारोह के दौरान अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने देश की एकता, अखंडता और प्रभुसत्ता को बरकरार रखने के लिए हथियारबंद सेनाओं की शानदार भूमिका को याद करते हुए कहा कि भारतीय हथियारबंद सेनाओं द्वारा देश की एकता और प्रभुसत्ता की रक्षा करने के साथ-साथ अपनी सरहदों की रक्षा के लिए सबसे आगे रहने की शानदार परंपरा है।

उन्होंने स्पष्ट तौर पर ज़िक्र किया कि देश अपने नायकों का उनकी अतुल्नीय सेवाओं और मातृ-भूमि के लिए दिए महान बलिदानों के लिए हमेशा ऋणी रहेगा। भारतीय फ़ौज की पेशेवर पहुँच और नैतिक मूल्यों की सराहना करते हुए उन्होंने राष्ट्र निर्माण में रक्षा बलों के अमूल्य योगदान को सराहा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हथियारबंद सेनाओं में शामिल होने वाला हर सैनिक देश के प्रति निःस्वार्थ सेवा करने का दृढ़ इरादा रखता है। इसलिए संकट की घड़ी में उनका साथ देना हमारा भी नैतिक फ़र्ज़ बनता है। उन्होंने 36 साल पहले चले ऑपरेशन पवन के शहीदों के पारिवारिक सदस्यों को नज़रअंदाज़ करने के लिए पिछली सरकारों की आलोचना भी की। इस ऑपरेशन में राज्य के 115 जवानों ने इस देश के लिए अपनी जानें कुर्बान कर दीं थीं।

केंद्र सरकार को अग्निवीर जैसी विनाशकारी स्कीमें बनाने से रोकने की अपील करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस स्कीम ने नौजवानों को निराशा में डाल दिया है, जो चार साल फ़ौज में अग्निवीर के तौर पर बिताने के बाद धुंधले भविष्य के मद्देनज़र बेबस महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्कीमें नौजवानों का मनोबल तोड़ती हैं और वह फ़ौज में भर्ती होने से गुरेज़ करेंगे। उन्होंने कहा कि सिर्फ़ मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ही शहीद अग्निवीर के दुखी परिवार के साथ खड़े हैं और परिवार को अपेक्षित वित्तीय सहायता देने के इलावा दिली हमदर्दी प्रकट करने के लिए आगे आए। इससे पहले कैबिनेट मंत्री ने जंगी अजायब घर का दौरा किया जहाँ उन्होंने विभिन्न जंगी हालातों के दौरान हमारे सैनिकों की बहादुरी और युद्ध कला की पेशकारी देखी। इस मौके पर डायरैक्टर रक्षा सेवा कल्याण ब्रिगेडियर भुपिन्दर सिंह ढिल्लों, डिप्टी डायरैक्टर कमांडर बी.एस. विर्क, ग्रुप कैप्टन गुरप्रीत सिंह मांगट, विंग कमांडर (सेवामुक्त) महेन्दर सिंह रंधावा और डी.एस. सरवारा उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here