
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा बुधवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के धर्मपुर दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर हमलावर रहे। धर्मपुर के रखोह, चोलथरा, टीहरा, डरवाड, सरी व मढ़ी में आयोजित बैठक के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर देश भक्ति की बहुत बाते करते हैं। लेकिन अग्रिवीर योजना लागु कर युवाओं का भविष्य से अंधकार में डूबोने वाली अपनी केंद्र सरकार के खिलाफ आज दिन तक आवाज नहीं उठा पाए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तभी असली देशभक्त कहलाते, अगर अग्रिवीर योजना को बंद करवाने के लिए संसद में आवाज उठाते।

रायजादा ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से हिमाचल की आवाज बनकर अग्रिवीर योजना के खिलाफ संसद में आवाज उठाएंगे। इसके लिए अगर सडक़ों पर उतरना पड़ा, तो पीछेे नहीं हटा जाएगा। उन्होंने कहा कि अग्रिवीर योजना के खिलाफ आवाज उठाना तो दूर की बात, केंद्रीय मंत्री अपने प्रदेश के लिए भी आवाज नहीं उठा पाए, जिन्होंने अपना वोट देकर संसद में भेजा। कांग्रेस प्रत्याशी रायजादा ने कहा कि आज संसदीय क्षेत्र का हर वर्ग अनुराग ठाकुर के बारे में पूरा सच जान चुका है और इन लोकसभा चुनाव में घर बैठाने की तैयार कर दी है। इस अवसर पर धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर, कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश चंद, महासचिव रितेश ठाकुर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विकास राही, ज्ञान सिंह कटवाल, शिव कुमार वर्मा, सुनील शर्मा व अशोक कुमार शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।












