
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से लोक सभा क्षेत्र होशियारपुर के लिए नियुक्त किए गए जनरल पर्यवेक्षक 2003 बैच के तामिलनाडू कैडर के आई.ए.एस अधिकारी डा. आर. आनंदकुमार, व्यय पर्यवेक्षक 2008 बैच के आई.आर.एस (सी.एंड.सी.ई) अधिकारी पवन कुमार खेतान ने कहा कि लोक सभा चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से करवाने में राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों की विशेष भूमिका है और वे जिला प्रशासन को पूरा सहयोग करें। वे आज लोक सभा चुनाव के उम्मीदवारों व उनके चुनावी एजेंटों के साथ जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी-कम डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल, एस.एस.पी. सुरेंद्रा लांबा व एस.पी मनोज कुमार भी मौजूद थे। जनरल पर्यवेक्षक डा. आर. आनंदकुमार ने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग की हिदायतों का पूरी तरह से पालन करना सुनिश्चित बनाया जाए और यदि किसी को कोई भी समस्या आती है, तो वह उनसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने उम्मीदवारों व उनके चुनावी एजेंटों से अपील करते हुए कहा कि वे चुनाव में आदर्श चुनाव आचार संहिता का पूरी तरह से पालन करें और सुचारु रुप से चुनाव को संपन्न करवाने में जिला प्रशासन को सहयोग करें। व्यय पर्यवेक्षक पवन खेतान ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से लोक सभा चुनाव में उम्मीदवार के लिए किए जाने वाले खर्चे की लिमिट 95 लाख रुपए तय की गई है।

इस दौरान उन्होंने उम्मीदवारों व उनके चुनावी एजेंटों को चुनाव के दौरान प्रत्याशियों द्वारा किए जाने वाले चुनाव खर्च के संबंध में चुनाव आयोग के निर्देशों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने उम्मीदवारों व उनके चुनावी एजेंटों को खर्चे के रिकार्ड को मेनटेन करने संबंधी हिदायत देते हुए बताया कि जिला स्तर पर चुनावी खर्चे की निगरानी के लिए जिला स्तरीय एक्सपेंडीचर मानिटरिंग टीम स्थापित की गई है, इस लिए वे रोजाना अपना खर्चा रजिस्टर भरें। उन्होंने आदर्श चुनाव आचार संहिता संबंधी ध्यान में रखने वाली बातें और नियमों बारे विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार के लिए स्टार प्रचारकों के दौरे, चुनाव बैठकें, रैलियां, रोड शो आदि पर स्टैटिक सर्विलेंस वीडियो और उडऩ दस्तों की टीमों के द्वारा नजर रखी जा रही है और सारा खर्चा शैडो रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है। इसके अलावा मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मानिटरिंग कमेटी की ओर से पेड न्यूज व विज्ञापन का खर्चा बुक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 20, 23 व 30 मई को उम्मीदवारों के खर्चा रजिस्टरों का निरीक्षण किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी कोमल मित्तल ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि लोक सभा चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से करवाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
उन्होंने बताया कि लोक सभा क्षेत्र होशियारपुर में 1963 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं कुल 9 संसदीय क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि लोक सभा होशियारपुर में 1601826 वोटर अपने मतदान का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से होशियारपुर के लिए नियुक्त किए गए जनरल पर्यवेक्षक आई.ए.एस अधिकारी डा. आर. आनंदकुमार से मोबाइल नंबर 83608-71668 पर, व्यय पर्यवेक्षक आई.आर.एस(सी.एंड.सी.ई) अधिकारी पवन कुमार खेतान से मोबाइल नंबर 83608-74462 व पुलिस पर्यवेक्षक आई.पी.एस अधिकारी कुशल पाल सिंह से मोबाइल नंबर 79731-39811 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सभी पर्यवेक्षक लोक निर्माण विभाग होशियारपुर के रैस्ट हाउस के कमरा नबंर 4 में रोजाना सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बैठेंगे और चुनाव संबंधी किसी समस्या को लेकर उम्मीदवार या कोई भी व्यक्ति पर्यवेक्षकों से उक्त स्थान व समय पर मिल सकते हैं। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।











