Monday, October 26, 2026
Home Himachal महिला शक्ति ने राजेंद्र राणा के चुनाव प्रचार में भर दिए नए...

महिला शक्ति ने राजेंद्र राणा के चुनाव प्रचार में भर दिए नए रंग

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा: सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में गीत गाती महिलाओं की टोलियों ने पूर्व विधायक व सुजानपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा के चुनाव प्रचार में नए रंग भर दिए हैं। हर गांव में बड़ी संख्या में महिलाएं टोलियां बनाकर गीत गाते हुए राजेंद्र राणा के लिए वोट मांग रही हैं और राजेंद्र राणा का चुनाव प्रचार भी पूरे शबाब पर पहुंच गया है।

Advertisements

आज भी इस विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए राजेंद्र राणा ने सुजानपुर के विकास और यहां की जनता के हितों की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जिस तरह 2022 के चुनाव से पहले कांग्रेस ने महिलाओं को झूठे वायदे करके ठगा था, उसी तरह अब इस चुनावी घड़ी में एक बार फिर से महिलाओं को ठगने के लिए कांग्रेस 1500- 1500 देने के नाम पर फॉर्म भरवा रही है लेकिन काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा सामने आ चुका है।

राजेंद्र राणा  ने कहा कि सुजानपुर को एक मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाने का सपना और लक्ष्य लेकर वह राजनीति में आए हैं और जिस तरह हर वर्ग के लोग अपना अटूट समर्थन उन्हें दे रहे हैं और इस चुनाव प्रचार में उनके साथ कदमताल कर रहे हैं, उससे उनका यह सपना और लक्ष्य हासिल होकर रहेगा। राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार ही विकास को नए आयाम दे सकती है। इसलिए लोग 1 जून को केंद्र में मोदी जी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने और हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा का मुख्यमंत्री बनने के लिए अपना वोट करने जा रही है।

राजेंद्र राणा के इस कथन पर सैकड़ो लोगों ने अपने हाथ उठाकर अपना समर्थन दिया और भाजपा के पक्ष में नारेबाजी से पूरे माहौल को गुंजा दिया। ग्रामीणों ने राजेंद्र राणा को भरोसा दिलाया कि उनकी ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित की जाएगी। राणा अब तक इस विधानसभा क्षेत्र में करीब साढे चार सौ छोटी बड़ी सभाओं को संबोधित कर चुके हैं और हर वर्ग के लोग उनके कार्यक्रमों में पूरे उत्साह से शामिल हो रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here