
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा: विवादों से घिरे निर्माणाधीन नेशनल हाइवे 03 में अब एक नया विवाद टोल प्लाजा को लेकर सामने आया है। टू लेन पर टोल प्लाजा लगाने का पहले भी विरोध हुआ था जिसके बाद मामला शांत हो गया था । अब एक बार फिर टू लेन पर टोल प्लाजा लगाने का जिन्न बाहर निकल आया है।

हमीरपुर से मंडी वाया टौणी देवी एनएच 3 पर ठाना दरोगन के पास बनने वाले बस स्टॉप और टोल प्लाजा के लिए भू-विभाग ने भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके लिए एसडीएम भोरंज ने संबंधित भूमि मालिकों को नोटिस जारी करके इसकी सूचना भेज दी है। एसडीएम भोरंज ने भूमि मालिकों की आपत्तियों को सुनने के लिए 27 मई की तिथि भी घोषित की है, ताकि कोई भी भूमि मालिक को कोई भी आपत्ति हो वे उसको एस.डी.एम. भोरंज के पास दर्ज करवा सकता है। वहीं एस.डी.एम. भोरंज द्वारा ठाना दरोगन के किसानों को मिले भूमि अधिग्रहण के नोटिस के बाद आक्रोश बढ़ गया है।
ठाना दरोगन के किसानों में स्थानीय वार्ड पंच सुमन कुमारी, देवराज, शक्ति चन्द, सरवन सिंह, बलदेव सिंह, अशोक कुमार, आशा देवी, मोनिका देवी, रीना देवी सहित 2 दर्जन किसानों ने भूमि अधिग्रहण का विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि उनकी पहले की बहुत सी उपजाऊ भूमि एनएच निर्माण में चली गई है और अब उनके पास बिल्कुल थोड़ी सी जमीन बची है, जिसको वे हरगिज भी टोल प्लाजा को बनाने के लिए नहीं देंगे।
उधर एसडीएम भोरंज संजय कुमार का कहना कि ठाना दरोगन के पास टोल प्लाजा व बस स्टॉप के लिए भूमि अधिग्रहण कीपर ही नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है तथा जिन्हें कोई आपत्ति है वे 27 मई को एसडीएम भोरंज के कार्यालय में पहुंच कर अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं।












