
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा । ‘स्वच्छता’ शब्द का महत्त्व हमारे जीवन में क्या है इसके लिए महात्मा गांधी जी का यह कथन ही काफी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “स्वतंत्रता से ज्यादा महत्वपूर्ण है स्वच्छता ” उनका मानना था कि यदि मन और पड़ोस स्वच्छ नहीं होगा, तो अच्छे, सच्चे एवं ईमानदार विचार आना असंभव है। आंतरिक स्वच्छता को वह वाह्य स्वच्छता के लिए आवश्यक मानते थे। एक सुन्दर, पवित्र और बुराइयों से मुक्त समाज के निर्माण के लिए बापू के स्वच्छता दर्शन से श्रेष्ठ कोई अन्य दर्शन नहीं हो सकता। साफ-सफाई के आलावा, स्वच्छता चाहें हमारे विचारों की हो, मन की हो, तन की हो या वाणी की हो, सभी महत्वपूर्ण है और इससे हमारे देश की प्रगति होती है। हमें खुद को, घर को, अपने आसपास, समाज, समुदाय, शहर, उद्यान, और पर्यावरण आदि को रोज स्वच्छ रखने की जरूरत है।

इसी उदेश्य से पर्यावरण सौर ऊर्जा क्लब ने स्वर्ण जयंती राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (उत्कृष्ट) टौणी देवी में इस वर्ष के थीम “दक्षतापूर्वक उपयोग करके ऊर्जा बचाएं” पर आधारित छात्र-छात्राओं,अध्यापकों व् कर्मचारियों ने हर सप्ताह कम से कम 2 घंटे स्कूल एवं आस पड़ोस में श्रमदान करके स्वच्छता एवं दक्षतापूर्वक उपयोग करके ऊर्जा को बचाने का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की यह जानकरी देते हुए प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने बताया कि हालाँकि स्वच्छता पखवाड़ा 16 मई तारीख से 31 मई तक चलेगा लेकिन हमें ये याद रखना होगा कि स्वच्छता, एक दिन का ,एक पखवाड़े का, एक साल का या कुछ लोगों का ही काम नहीं है अपितु यह अभियान हर किसी का , हर दिन का ,हर पखवाड़े,हर साल,पीढ़ी दर पीढ़ी चलने वाला महाभियान है जिसमें हम सबको अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने बच्चों से अपनी व्यक्तिगत स्वच्छता के लिए भी प्रयास करने का आह्वान किया जिसमें नित्य स्नान करना, साफ कपडे पहनना, शौच जाने के बाद हाथों को साबुन से धोना, नाखूनों को समय पर काटना इत्यादि शामिल है I इसके अलावा कमरे से निकलते समय पंखा एवं बिजली को बंद करने और सोच समझकर बिजली उपकरणों का उपयोग करने का आह्वान किया ताकि भविष्य के लिए भी उर्जा सरंक्षित की जा सके इस अवसर स्काउट्स एवं गाइड्स, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वंयसेवकों व् स्वच्छता प्रहरियों ने स्कूल प्रांगण की साफ सफाई के साथ साथ जागरूकता रैली निकाल कर समाज को इस महा अभियान में सहयोग एवं भाग लेने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया। इस मौके पर सुरेश, राजेश, कृष्ण, तनु, विजय, मनोज, रीता, कुसुम, सुमन, अदिति, नेहा, सोनू, संजीव, हेम लाल सहित सभी अध्यापक उपस्थित रहे।












