
रूपनगर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-ध्रुव नारंग। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला रोपड़ के अध्यक्ष, अजयवीर सिंह लालपुरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरी बार शपथ ग्रहण के बाद पहले ही दिन किसानों के हित में बड़ा फैसला लेने की सराहना की। प्रधानमंत्री ने 17वीं किस्त के रूप में पीएम किसान निधि के तहत 20,000 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी, जिससे 9.3 करोड़ किसान लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर अजयवीर सिंह लालपुरा ने कहा कि मोदी सरकार किसान हितैषी है और हमेशा से ही किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का किसानों के प्रति प्रेम और समर्पण इस निर्णय से स्पष्ट है कि उनकी सरकार ने हमेशा किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता दी है और उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं।”

अजयवीर सिंह लालपुरा ने मोदी सरकार की प्रमुख योजनाओं की चर्चा करते हुए बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रत्येक किसान को सालाना 6,000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है, जो सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर होती है। यह योजना किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में मददगार साबित हो रही है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना ने किसानों को प्राकृतिक आपदाओं के कारण होने वाले नुकसान से बचाव के लिए बीमा कवर प्रदान किया है। इस योजना के माध्यम से किसानों को फसलों के नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की गई है।लालपुरा ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की भी चर्चा की, जिसके तहत किसानों को सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
यह योजना किसानों की पैदावार को बढ़ाने और जल संसाधनों के सही उपयोग को प्रोत्साहित करने में मदद कर रही है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में, सरकार ने किसानों की समस्याओं को समझते हुए और उन्हें प्राथमिकता देते हुए कई क्रांतिकारी कदम उठाए हैं। उनका यह निर्णय दर्शाता है कि उनकी सरकार किसानों के कल्याण के प्रति कितनी गंभीर है।” अजयवीर सिंह लालपुरा ने विश्वास जताया कि मोदी सरकार के इन प्रयासों से किसानों का भविष्य उज्ज्वल होगा और कृषि क्षेत्र में नयी संभावनाओं का द्वार खुलेगा।












