
छत्तीसगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। जिससे एसटीएफ के दो जवान शहीद हो गए, जबकि चार अन्य घायल बताए जा रहे है। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि बीजापुर के तर्रेम थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। घटना में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के दो आरक्षक-भरत साहू और सत्येर सिंह कांगे शहीद हो गए, जबकि चार अन्य जवानों के घायल होने की खबर है।

अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों के दरभा डिवीजन, पश्चिम बस्तर डिवीजन और मिलिट्री कंपनी नंबर दो के नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद 16 जुलाई को इन जिलों से एसटीएफ, डीआरजी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया। अधिकारियों के मुताबिक जब संयुक्त दल अभियान पूरा कर लौट रहा था, तभी देर रात बीजापुर जिले के तर्रेम क्षेत्र में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया।











